MWC 2026 Highlights: फोल्डेबल गेमिंग डिवाइस से लेकर Robot Phone तक, जानें किसने क्या-क्या किया पेश
MWC 2026 में Lenovo, Xiaomi, Honor और Tecno ने फोल्डेबल, AI और 200MP कैमरा डिवाइस पेश किए.


Published : March 2, 2026 at 4:35 PM IST
हैदराबाद: बार्सिलोना में आयोजित मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 यानी MWC 2026 की आधिकारिक शुरुआत 2 मार्च से हुई, लेकिन बड़े ऐलान उससे पहले ही शुरू हो गए थे. हर साल की तरह इस बार भी इवेंट में स्मार्टफोन, लैपटॉप, टैबलेट, एआई डिवाइस और रोबोटिक्स से जुड़े कई नए प्रोडक्ट्स ने ध्यान खींचा. आइए आसान भाषा में जानते हैं कि किन ब्रांड्स ने क्या खास पेश किया है.
Xiaomi और Leica: कैमरा पर पूरा फोकस
Xiaomi 17 Ultra का ग्लोबल वर्ज़न पेश कर दिया गया है. इस फोन में 1 इंच का 50MP सेंसर दिया गया है, 200MP टेलीफोटो कैमरा और 50MP अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है. इसमें मैनुअल ज़ूम रिंग भी दी गई है, जो फोटोग्राफी लवर्स को खास पसंद आएगी. इस फोन में 6.9 इंच OLED 120Hz डिस्प्ले और 6,000mAh बैटरी दी गई है.
Beyond its Leica design, experience, and imagery, Leica Leitzphone is powered by Xiaomi’s foundation of cutting-edge mobile technology. #Xiaomi17Series #XiaomiLaunch pic.twitter.com/rfaFp2hkzC
— Xiaomi (@Xiaomi) February 28, 2026
Leica के साथ मिलकर शाओमी ने Leitzphone भी पेश किया, जो लगभग 17 Ultra जैसा ही है, लेकिन Leica ब्रांडिंग और खास कैमरा इंटरफेस के साथ आता है. इसके अलावा Xiaomi Pad 8 और Pad 8 Pro टैबलेट भी लॉन्च किए गए. Pro वर्जन में Snapdragon 8 Elite चिप मिलती है. कंपनी ने UltraThin Magnetic Power Bank 5000 15W और Xiaomi Tag ट्रैकर भी पेश किया.
Lenovo: फोल्ड होने वाला गेमिंग हैंडहेल्ड और एआई कॉन्सेप्ट्स
लेनोवो ने इस बार कई नए प्रोडक्ट्स और कॉन्सेप्ट डिवाइस दिखाए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा Legion Go Fold की हो रही है. यह एक फोल्डेबल गेमिंग हैंडहेल्ड कॉन्सेप्ट है, जिसकी स्क्रीन पूरी खुलने पर 11.6 इंच और फोल्ड होने पर 7.7 इंच की हो जाती है. इसमें डिटेचेबल कंट्रोलर्स हैं, जिन्हें अलग-अलग तरीके से लगाया जा सकता है. चाहें तो इसे टैबलेट की तरह, चाहें तो लैपटॉप मोड में भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

इसमें वायरलेस कीबोर्ड कनेक्ट करने के लिए पोगो पिन्स दिए गए हैं और राइट कंट्रोलर को माउस की तरह भी यूज़ किया जा सकता है. हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि यह फिलहाल सिर्फ कॉन्सेप्ट है. लेनोवो ने Modular AI PC कॉन्सेप्ट भी दिखाया, जिसमें डुअल डिस्प्ले और हॉट-स्वैपेबल पोर्ट्स मिलते हैं. इसके अलावा कंपनी ने Yoga 9i 2-in-1 Aura Edition Gen 11, Yoga Pro 7a, IdeaPad Slim 5i Ultra जैसे नए लैपटॉप लॉन्च किए, जो Copilot+ फीचर्स के साथ आते हैं.
गेमिंग के शौकीनों के लिए Legion Tab Gen 5 टैबलेट भी पेश किया गया है, जिसमें Snapdragon 8 Gen 5 चिप, 16GB RAM और 9,000mAh बैटरी दी गई है. इसकी शुरुआती कीमत 849 डॉलर रखी गई है.
Honor: रोबोट फोन और अल्ट्रा-थिन डिवाइस
Honor ने अपने Robot Phone से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है. इसमें 200MP कैमरा दिया गया है, जो 4-डिग्री-ऑफ-फ्रीडम गिंबल पर लगा है. यह कैमरा रोबोट की तरह मूव करता है और एआई ऑब्जेक्ट ट्रैकिंग और सुपर स्टेडी वीडियो जैसे फीचर्स देता है.
इसके अलावा कंपनी ने Magic V6 फोल्डेबल फोन भी पेश किया, जो फोल्ड होने पर सिर्फ 8.75mm मोटा है. इसमें Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर, 16GB रैम और 512GB स्टोरेज मिलती है. Honor ने MagicPad 4 टैबलेट भी पेश किया, जिसकी मोटाई सिर्फ 4.8mm है. इसमें 12.3 इंच 165Hz OLED डिस्प्ले और 10,100mAh बैटरी दी गई है.
Tecno: मॉड्यूलर फोन का नया आइडिया
Tecno ने एक मॉड्यूलर कॉन्सेप्ट स्मार्टफोन दिखाया, जिसकी बेस मोटाई 4.9mm है. इसमें मैग्नेटिक मॉड्यूल सिस्टम है, जिससे अलग-अलग कैमरा लेंस, गेमिंग अटैचमेंट या पावर बैंक जोड़े जा सकते हैं.

