Instagram ने बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम, सुसाइड सर्च करते ही पैरेंट्स के पास जाएगा अलर्ट
Instagram पर टीन द्वारा सुसाइड या सेल्फ-हार्म सर्च दोहराने पर मेटा अब पैरेंट्स को अलर्ट भेजेगा और सपोर्ट संसाधन देगा.


Published : February 27, 2026 at 2:29 PM IST
हैदराबाद: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा ने पैरेंटल कंट्रोल को और मजबूत करने के लिए एक नया कदम उठाया है. कंपनी जल्द ही इंस्टाग्राम पर ऐसा फीचर शुरू करने जा रही है, जिसके जरिए अगर कोई टीनएजर यूज़र बार-बार सुसाइड या सेल्फ-हार्म यानी खुद को नुकसान पहुंचाने वाले शब्दों को सर्च करेगा तो तुरंत उसके माता-पिता या पैरेंट्स अलर्ट भेजा जाएगा.
आने वाले हफ्तों में यह फीचर उन परिवारों के लिए एक्टिव होगा, जो इंस्टाग्राम की सुपरविज़न सेटिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं. अगर कोई टीनएजर कम समय में कई बार 'suicide', 'self-harm' या खुद को नुकसान पहुंचाने जैसे शब्द खोजने की कोशिश करता है, तो सिस्टम इसे नोटिस करेगा. ध्यान देने वाली बात यह है कि इंस्टाग्राम पहले से ही ऐसे सर्च रिजल्ट ब्लॉक करता है और यूजर को हेल्पलाइन व सपोर्ट संसाधनों की जानकारी दिखाता है. अब इसी प्रक्रिया के साथ पैरेंट्स को भी जानकारी दी जाएगी.
In the coming weeks, @instagram will begin notifying parents if their teen repeatedly tries to search for terms clearly related to suicide or self-harm within a short period of time. The alerts will provide parents with expert resources to help guide sensitive conversations.…
— Meta Newsroom (@MetaNewsroom) February 26, 2026
E-Mail, SMS या व्हाट्सएप पर मिलेगा अलर्ट
अलर्ट ईमेल, एसएमएस या व्हाट्सऐप के जरिए भेजा जाएगा. यह इस बात पर निर्भर करेगा कि माता-पिता ने कौनसा कॉन्टैक्ट इंफोर्मेशन दिया है. इसके अलावा ऐप के अंदर भी नोटिफिकेसन मिलेगा. नोटिफिकेशन पर टैप करने पर एक फुल स्क्रीन मैसेज खुलेगा, जिसमें बताया जाएगा कि उनके बच्चे ने कम समय में कई बार ऐसे शब्द सर्च किए हैं. इसके साथ ही विशेषज्ञों द्वारा तैयार गाइडलाइन भी दी जाएगी, जिससे माता-पिता संवेदनशील बातचीत को सही तरीके से शुरू कर सकें.

इस फीचर की शुरुआत अमेरिका, यूके, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा से हो रही है. बाद में इसे अन्य देशों में भी रोलआउट किया जाएगा. कंपनी का कहना है कि उसने एक तय सीमा रखी है, यानी एक-दो बार सर्च करने पर कोई अलर्ट नहीं जाएगा, लेकिन कम समय के अंतराल में लगातार कई बार सर्च करने पर, पैरेंट्स को अलर्ट भेजा जाएगा. मेटा ने अपने ब्लॉग पोस्ट के जरिए बताया कि उनका यह कदम पहले से मौजूद उनकी सिक्योरिटी पॉलिसी को और भी मजबूत करता है.

प्लेटफॉर्म सुसाइड या सेल्फी हार्म को बढ़ावा देने वाले कंटेंट को सख्ती से हटाता है और ऐसे पोस्ट्स को टीनएजर्स से छिपा देता है, भले ही वो किसी फॉलो किए गए अकाउंट से ही क्यों न हों. जरूरत पड़ने पर कंपनी इमरजेंसी सर्विसेज को भी अलर्ट करती है. इसके अलावा, कंपनी अपने एआई सिस्टम में भी इसी तरह के पैरेंटल अलर्ट जोड़ने की तैयारी कर रही है. आने वाले महीनों में अगर कोई टीनएजर एआई से सुसाइड या सेल्फ-हार्म से जुड़े खास तरह के सवाल करेगा, तो उस केस में भी पैरेंट्स को भी सूचना दी जाएगी.

