iPhone Air 2 में मिल सकता है डुअल कैमरा सेटअप, लीक हुई कई खास डिटेल्स
एपल के iPhone Air 2 को लेकर नई लीक सामने आई है, जिसमें डुअल कैमरा सेटअप और नए चिपसेट जैसी अहम जानकारियां शामिल हैं.


Published : July 6, 2026 at 3:25 PM IST
|Updated : July 6, 2026 at 3:38 PM IST
हैदराबाद: एपल की आगामी iPhone Air 2 को लेकर एक नई लीक सामने आई है, जिसमें डिवाइस की डिज़ाइन और स्पेसिफिकेशन्स से जुड़े दिलचस्प दावे किए गए हैं. एक जाने-माने लीकर जॉन प्रॉसर ने अपने चैनल फ्रंट पेज टेक पर एक वीडियो डाला है, जिसमें उन्होंने iPhone Air 2 के रेंडर्स शेयर किए हैं, जो कथित तौर पर एपल की सप्लाई चेन से मिली जानकारी पर आधारित है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हैंडसेट सितंबर 2025 में लॉन्च हुए ओरिजिनल iPhone Air की सबसे बड़ी कमी को दूर कर सकता है.
डुअल कैमरा सेटअप
पहली जनरेशन वाले iPhone Air को सिर्फ एक सिंगल कैमरा के साथ लॉन्च किया गया था, जो 48MP के साथ आता है, जिसका अपर्चर f/1.6 है और यह 2X टेलीफोटो कैपेबिलिटी के साथ आता है. हालांकि, प्रॉसर के मुताबिक, iPhone Air 2 के पिछले हिस्से पर दो कैमरा सेंसर्स दिए जा सकते हैं और दोनों ही कैमरा सेंसर 48-48MP वाले होंगे, जिनमें एक प्राइमरी कैमरा होगा और दूसरा अल्ट्रा-वाइड सेंसर होगा.
रिपोर्ट के अनुसार, इसमें दूसरा कैमरा सेंसर फिट करने के लिए एपल फेस आईडी मॉड्यूल को री-डिज़ाइन कर सकता है, ताकि फोन की पतली प्रोफाइल बरकरार रहते हुए अतिरिक्त कैमरा हार्डवेयर के लिए जगह बन सके. यह अपडेट यूज़र्स की उस लंबे समय से चली आ रही शिकायत को दूर कर सकता है, जो सिंगल-कैमरा सेटअप को लेकर की जाती रही है.
चिपसेट, डिस्प्ले और कीमत
iPhone Air 2 में परफॉर्मेंस के लिए एपल के 2nm A20 या A20 Pro चिपसेट पर तैयार किया जा सकता है, जो बैटरी लाइफ और एफिशिएंसी दोनों में सुधार ला सकता है. डिवाइस में पुराने मॉडल जैसा टाइटेनियम चेसिस बरकरार रहने की उम्मीद है. डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 6.55-इंच का LTPO OLED पैनल मिल सकता है, जो 1.5K रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगा.
कीमत की बात करें तो JP Morgan के एनालिस्ट्स के अनुमान के हवाले से बताया गया है कि नई सीरीज़ की कीमतों में करीब 50 डॉलर (लगभग 4,800 रुपये) का इज़ाफा हो सकता है. वहीं, कुछ अन्य रिपोर्ट्स 300 डॉलर (लगभग 28,600 रुपये) तक की बढ़ोतरी का दावा कर रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone Air 2 को iPhone 18 और iPhone 18e के साथ 2027 के स्प्रिंग सीज़न में लॉन्च किया जा सकता है. फिलहाल एपल की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, ऐसे में ये सभी जानकारियां लीक और अनुमानों पर आधारित हैं.

