ETV Bharat / technology

Instagram का नया नियम: AI प्रोफाइल पर लेबल लगाना ज़रूरी, नहीं तो...

इंस्टाग्राम ने एआई क्रिएटर लेबल का नाम बदलकर एआई-जनरेटेड प्रोफाइल कर दिया है ताकि लोग आसानी से पहचान सकें.

Unlabeled AI profiles may have reduced reach and risk being excluded from recommendations.
बिना लेबल वाले एआई प्रोफाइल की पहुंच कम हो सकती है और सिफारिशों से हटने का खतरा रहता है. (Image Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Tech Team

Published : September 2, 2026 at 8:26 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: इंस्टाग्राम ने अपने एक लेबल का नाम बदल दिया है. पहले इसे एआई क्रिएटर कहा जाता था. अब इसका नया नाम एआई-जनरेटेड प्रोफाइल है. यह बदलाव इसलिए किया गया है ताकि लोग आसानी से समझ सकें कि प्रोफाइल पर दिखने वाला व्यक्ति असली है या एआई से बनाया गया है.

इंस्टाग्राम का कहना है कि यूज़र्स को यह बात शुरू में ही पता चलनी चाहिए. बाद में पता चलने पर उन्हें अच्छा नहीं लगता. कंपनी ने इस साल की शुरुआत में एआई क्रिएटर टूल का टेस्ट किया था. उसी टेस्ट से यह बात सामने आई.

क्रिएटर्स के लिए क्या मतलब है?

जिन क्रिएटर्स ने पहले से पुराना एआई क्रिएटर लेबल लगा रखा था उनके प्रोफाइल पर नया नाम अपने आप नहीं आएगा. उन्हें खुद ही चेक करना होगा कि लेबल अभी भी सही है या नहीं. अगर अब जरूरत नहीं हो तो हटा सकते हैं.

जिन लोगों ने पुराने रील्स पर लेबल नहीं लगाया था, वो प्रोफाइल एडिट करके एआई-जनरेटेड प्रोफाइल का विकल्प चालू कर सकते हैं. ऐसा करने पर प्रोफाइल और उनके कंटेंट पर एआई-जनरेटेड लेबल दिखने लगेगा. यह खासकर उन मीडिया पर दिखेगा, जहां पहले एआई से बने या एडिट किए जाने का कोई संकेत नहीं था.

इससे क्या असर पड़ेगा?

जो क्रिएटर्स सही समय पर और सही तरीके से लेबल लगा लेते हैं, उनके रीच में कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन जो एआई-जनरेटेड प्रोफाइल पर लेबल नहीं लगाते, उनकी रीच कम हो सकती है.

इंस्टाग्राम ऐसे बिना लेबल वाले प्रोफाइल को खुद ढूंढ लेगा और फिर अकाउंट के मालिक को नोटिफिकेशन भेजेगा. क्रिएटर्स अकाउंट स्टेटस में जाकर देख सकते हैं कि वो सिफारिशों में दिखने लायक रहे हैं या नहीं.

सिफारिश में वापस कैसे आएं

अगर किसी प्रोफाइल को लेबल न लगाने की वजह से सिफारिश से हटा दिया गया है, तो वापस आने के दो तरीके हैं.

  • पहला तरीका - एआई-जनरेटेड प्रोफाइल में लेबल लगा देना है. इससे अकाउंट साफ-साफ बताएगा कि इसमें एआई वाली पहचान है.
  • दूसरा तरीका - अपील करना. अगर क्रिएटर को लगता है कि गलती से उसके साथ ऐसा हुआ है तो अकाउंट स्टेटस के जरिए अपील कर सकते हैं. इंस्टाग्राम ने माना है कि उसका सिस्टम हमेशा सही नहीं होता, इसलिए अपील का ऑप्शन भी दिया गया है. अगर अपील सफल रही तो प्रोफाइल और उसका कंटेंट फिर से सिफारिशों में दिखने लायक हो जाएगा.

यह बदलाव यूज़र्स को ज्यादा साफ जानकारी देने के लिए किया गया है. अब एआई से बनी प्रोफाइल को आसानी से पहचाना जा सकेगा. क्रिएटर्स को भी समय रहते लेबल लगा लेना चाहिए, वरना उनकी रीच कम हो सकती है.