गूगल का सितंबर अपडेट, एंड्रॉयड फोन्स में अब आसानी से होंगे ये 5 जरूरी काम
गूगल ने सितंबर में एंड्रॉइड फोन के लिए पांच नए फीचर दिए हैं जो रोजमर्रा के काम को आसान और सुरक्षित बनाते हैं.


Published : September 2, 2026 at 7:48 PM IST
हैदराबाद: गूगल ने सितंबर में अपने एंड्रॉयड फोन के लिए एक नया अपडेट जारी किया है. इस अपडेट को सिंतबर एंड्रॉइड ड्रॉप कहा जा रहा है. इस अपडेट में गूगल ने पांच नए फीचर्स पेश किए हैं. ये फीचर यूज़र्स के रोजमर्रा वाले कामों को आसान बनाने वाले हैं. इसके अलावा इनसे फोन भी ज्यादा सुरक्षित हो जाएगा.
इस अपडेट में गूगल ने उन चीजों का खास ध्यान रखा है, जो रोज काम में आती है, जैसे - कोई चीज़ खोना, गाड़ी में सफर करते वक्त उल्टी लगना. कम दिखने वाले लोगों की मदद करना, दोस्तों के साथ नोट्स शेयर करना और चैट को अपनी पसंद का बनाना.
इस लिस्ट का सबसे खास फीचर गूगल के एआई मॉडल जेमिनी (Gemini) से जुड़ा हुआ है. अब आप जेमिनी से कह सकते हैं कि कोई जरूरी चीज कहां रखी है. जैसे - पासपोर्ट या कोई चाबी. आप बोल सकते हैं - हे गूगल फाइंड हब में याद रखो कि मेरा पासपोर्ट बेडरूम के ड्रॉवर में रखा है और इसके साथ आप उस जगह की फोटो भी लगा सकते हैं, जो जेमिनी आपको याद दिलाते टाइम दिखाएगा. यह फीचर एंड्रॉइड 16 और उससे ऊपर वाले फोन पर चलेगा। जहां जेमिनी और फाइंड हब पहले से काम कर रहे हैं.
With the latest @Android Drop, you’ll be able to:
— Google (@Google) September 1, 2026
• Keep track of items in Find Hub that don't require tracker tags — just ask Gemini.
• Help reduce motion sickness in the passenger seat with Motion Assist, a subtle bubble overlay on your screen that moves with the vehicle.… pic.twitter.com/JhATecsSQ6
गाड़ी में सफर आरामदायक बनेगा
ऐसे बहुत सारे लोग होते हैं, जिन्हें गाड़ी में सफर करने के दौरान उल्टी जैसा अनुभव होगा या उल्टी हो भी जाती है या चक्कर आने लगते हैं. इसके लिए गूगल ने मोशन असिस्ट नाम का एक नया फीचर लॉन्च किया है. यह स्क्रीन पर एक हल्का सा बुलबुला दिखाता है. यह बुलबुला गाड़ी के हिसाब से हिलता है. आंख जो देखती है और शरीर जो महसूस करता है, उसके बीच का फर्क कम हो जाता है.
आप इसे अपने आप चालू होने के लिए सेट कर सकते हैं. क्विक सेटिंग्स में भी डाल सकते हैं. आप बुलबुले का आकार, रंग और पारदर्शिता अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकते हैं. यह फीचर Android 17 वाले फोन पर उपलब्ध है.
कम नजर वालों के लिए बड़ी मदद
एंड्रॉयड फोन इस्तेमाल करने वाले जिन यूज़र्स की आंखों की रोशनी कमज़ोर है यानी जिन्हें कम दिखाई देता है या जिन्हें बिल्कुल भी दिखाई नहीं देता, उनके लिए गूगल ने गाइडेड विजन नाम का एक खास फीचर लॉन्च किया है. यह जेमिनी लाइव की मदद से काम करता है. यूजर अपने फोन का कैमरा शेयर कर सकते हैं, फिर फोन बोलकर बताता है कि सामने क्या है.
जैसे खाने के पैकेट पर छोटे-छोटे अक्षरों को भी पढ़कर बताना, कम रोशनी वाले रेस्टोरेंट में मेन्यू समझाना या घर की चीजों को पहचानना. अगर फोन का कैमरा सही जगह पर नहीं है तो यूज़र्स को यह फीचर बोलकर बता देता है कि कैमरा कैसे घुमाएं या आगे बढ़ाएं. यह फीचर एक्सेसिबिलिटी शॉर्टकट से, टॉकबैक मेन्यू से या जेमिनी ऐप की सेटिंग्स से खोला जा सकता है. इसके जल्द ही Android 9 और ऊपर वाले फोन पर उपलब्ध होगा. जहां यह सपोर्टेड है.
PSA for anyone who needs to hear this...
— Android (@Android) September 1, 2026
Android has exciting new feature updates in our latest Drop! 😀 pic.twitter.com/NvJjJoVQtX
मैसेज में नोट्स बनाना आसान
गूगल मैसेज ऐप में अब गूगल कीप जुड़ गया है. आप चैट के अंदर ही शेयर किए गए नोट्स बना सकते हैं और एडिट कर सकते हैं. जैसे किराने की लिस्ट या छुट्टी के प्लान आदि. चैट में शामिल सभी लोग नोट देख सकते हैं. उसमें बदलाव कर सकते हैं. नई चीजें जोड़ सकते हैं. इन सबके लिए अब यूज़र्स को मैसेज ऐप से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी. यह फीचर प्लस आइकन पर टैप करके खोला जा सकता है. इसका रोलआउट आज से ही शुरू कर दिया गया है.
चैट को अपनी पसंद का बनाएं
गूगल मैसेज में अब चैट थीम का फीचर भी आ गया है. अब आप बातचीत के बैकग्राउंड और रंग अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकते हैं. कोई वॉलपेपर चुन सकते हैं या अपनी फोटो अपलोड कर सकते हैं. टेक्स्ट बबल्स अपने आप मैच हो जाते हैं. आप सिर्फ रंग भी बदल सकते हैं. जैसे किसी करीबी दोस्त की चैट के लिए गर कॉफी वाली थीम या छुट्टी प्लान करने वाले ग्रुप के लिए समुद्र की फोटो. इस फीचर को भी तुरंत ही इस्तेमाल करने के लिए चालू कर दिया गया है.

