Android में आया iPhone वाला फीचर, अब Google Photos से बनाएं पर्सनलाइज्ड स्टिकर
Google Photos अपडेट से अब Android यूज़र्स भी बिना iPhone के फोटो से इंस्टेंट कस्टम स्टिकर बना सकेंगे.


Published : February 28, 2026 at 7:32 PM IST
हैदराबाद: अब एंड्रॉयड यूज़र्स को इंस्टेंट कस्टम स्टिकर बनाने के लिए आईफोन की जरूरत नहीं है. गूगल फोटोज़ ने आखिरकार वो फीचर एंड्रॉयड ऐप में भी देना शुरू कर दिया है, जिसका मज़ा अब तक सिर्फ आईओएस यूज़र्स ही ले पा रहे थे. अब आप अपनी किसी भी फोटो में से किसी व्यक्ति, पालतू जानवर या किसी ऑब्जेक्ट को कुछ ही सेकंड में स्टिकर में बदल सकते हैं.
काफी समय से iPhone पर Google Photos में यह सुविधा मौजूद थी, लेकिन एंड्रॉयड यूज़र्स को इसका इंतजार करना पड़ रहा था. अब कंपनी ने यह गैप खत्म कर दिया है. नए अपडेट के साथ ज्यादातर एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स पर यह फीचर रोलआउट हो रहा है. हालांकि, इसके लिए फोन में कम से कम 4GB रैम और ऐप का लेटेस्ट वर्जन होना जरूरी है.
गूगल फोटोज़ से स्टिकर्स
स्टिकर बनाने का तरीका भी बेहद आसान है. सबसे पहले Google Photos ऐप खोलें और कोई भी फोटो सिलेक्ट करें. जैसे ही आप फोटो खोलेंगे, आपको सब्जेक्ट के आसपास हल्का सा शिमर या ग्लो इफेक्ट दिखाई देगा. अब जिस हिस्से को आप स्टिकर बनाना चाहते हैं, उस पर उंगली से प्रेस करके होल्ड करें. कुछ ही पलों में वह हिस्सा कटआउट की तरह अलग हो जाएगा.
इसके बाद आप उसे कॉपी करके किसी भी चैट ऐप में पेस्ट कर सकते हैं या शेयर बटन से सीधे भेज सकते हैं. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब अलग से कोई थर्ड पार्टी ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. WhatsApp या दूसरे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर अपने दोस्तों को पर्सनलाइज्ड स्टिकर भेजना अब और भी आसान हो गया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी एक और फीचर पर काम कर रही है, जिससे यूज़र्स अपने बनाए गए स्टिकर्स की हिस्ट्री भी देख सकेंगे. इसके अलावा हाल ही में Google Photos में 'Me Meme' नाम का AI टूल भी जोड़ा गया है, जो पर्सनलाइज्ड मीम्स बनाने में मदद करता है. Google Photos का यह अपडेट एंड्रॉयड यूज़र्स के लिए बड़ी राहत है. अब कस्टम स्टिकर बनाने के मामले में iPhone और एंड्रॉयड के बीच का फर्क लगभग खत्म हो गया है.

