Google Assistant होगा बंद, अब Android फोन में सिर्फ Gemini करेगा काम
Gemini आने के बाद Android फोन, स्मार्टवॉच और ईयरबड्स में एक ही AI असिस्टेंट सभी जरूरी काम आसानी से करेगा.


Published : August 5, 2026 at 6:17 PM IST
हैदराबाद: अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, तो आने वाले समय में आपके फोन में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. गूगल ने अप गूगल असिस्टेंट को धीरे-धीरे बंद करने का प्रोसेस शुरू कर दिया है.
एक्स (पुराना नाम ट्विटर) और रेडिट पर यूज़र्स के द्वारा किए गए पोस्ट्स के मुताबिक, गूगल ने कई यूज़र्स को ईमेल भेजकर जानकारी दी है कि 4 सितंबर से उनके फोन में गूगल असिस्टेंट हटना शुरू हो जाएगा. यह बदलाव एक साथ नहीं, बल्कि कुछ हफ्तों में धीरे-धीरे हर डिवाइस में होगा.
गूगल का कहना है कि गूगल असिस्टेंट की जगह अब जेमिनी (Gemini) लेगा. इसका मतलह है कि भविष्य में एंड्रॉयड फोन पर आपकी आवाज़ से जुड़े लगभग सभी काम जेमिनी करेगा, जो कि पहले गूगल असिस्टेंट किया करता था. रिपोर्ट के मुताबिक यूज़र्स एक बार अपने डिवाइस में बदलाव कर लेंगे तो उसके बाद गूगल असिस्टेंट पर वापस नहीं जा सकेंगे.
अब Gemini करेगा आपकी मदद
गूगल के मुताबिक, जिन एंड्रॉयड डिवाइस में जेमिनी सपोर्ट करता है, वहां यही नया डिफॉल्ट असिस्टेंट बन जाएगा. इसके बाद "Hey Google" बोलने पर या फोन का पावर बटन दबाकर रखने पर Gemini खुल जाएगा. इसके जरिए आप अलार्म लगा सकते हैं, टाइमर सेट कर सकते हैं, सवाल पूछ सकते हैं, गाने चला सकते हैं और स्मार्ट होम डिवाइस को भी कंट्रोल कर सकते हैं.
इसके अलावा अगर आपने अपने फोन में जेमिनी को डिफॉल्ट असिस्टेंट बना लिया है, तो आपके साथ जुड़े Wear OS स्मार्टवॉच, टैबलेट और सपोर्टेड ईयरबड्स या हेडफोन में भी यही असिस्टेंट इस्तेमाल होगा.
Google Assistant क्यों हो रहा है बंद
गूगल असिस्टेंट को साल 2016 में लॉन्च किया गया था. लगभग दस साल तक यह एंड्रॉयड फोन और गूगल के कई प्रोडक्ट्स का अहम हिस्सा रहा. अब इसका दौर खत्म हो रहा है और इसकी जगह का गूगल का एआई मॉडल यानी जेमिनी ले रहा है. जेमिनी एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल है, इसलिए ये सिर्फ सामान्य वॉइस कमांड ही नहीं समझता, बल्कि पहले के मुकाबले ज्यादा समझदारी से जवाब भी देता है और कई एडवांस AI फीचर्स भी देता है.
गूगल ने पिछले साल ही घोषणा कर दी थी कि फ्यूचर में जेमिनी, गूगल असिस्टेंट की जगह लेगा. कंपनी गूगल असिस्टेंट को मार्च 2026 तक पूरी तरह बंद करना चाहती थी, लेकिन किसी वजह से इस प्लान को थोड़ा आगे बढ़ाना पड़ा. अब कंपनी ने आखिरकार गूगल असिस्टेंट को पूरी तरह से खत्म करके उसकी जगह जेमिनी को फिट करने की प्लानिंग शुरू कर दी है.
अगर आपका एंड्रॉयड फोन जेमिनी सपोर्ट करता है, तो आने वाले कुछ हफ्तों में यह बदलाव अपने-आप हो जाएगा. इसके बाद गूगल असिस्टेंट का इस्तेमाल बंद हो जाएगा और डेली-वर्क के लिए वॉइस कमांड से जुड़े सभी काम जेमिनी के जरिए पूरे होंगे. भविष्य में गूगल अपने एआई असिस्टेंट में और भी नए फीचर्स को जोड़ सकता है, जिससे यूज़र्स को पहले से ज्यादा स्मार्ट और बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है.

