CES 2026 Day 2 Highlights: AI, रोबोट्स और फ्यूचर टेक्नोलॉजी ने दिखाया भविष्य का नजारा
CES 2026 के दूसरे दिन AI, रोबोट्स, हेल्थ टेक और इंडस्ट्रियल इनोवेशन ने भविष्य की टेक्नोलॉजी की झलक दिखाई.


Published : January 7, 2026 at 8:52 PM IST
हैदराबाद: CES 2026 के दूसरे दिन टेक्नोलॉजी की दुनिया पूरी तरह से भविष्य के बेहतरीन रंगों में नज़र आ रही थी. कंज़्यूमर इलेक्ट्रोनिक शो के दूसरे दिन हज़ारों लोग नए-नए और शानदार इनोवेशन को देखने के लिए उमड़ पड़े. हर तरफ रोबोट्स, AI असिस्टेंट्स, हेल्थ और लॉन्गेविटी टेक, स्मार्ट वियरेबल्स और एडवांस मशीनें लोगों का ध्यान खींचती दिखीं. टेक्नोलॉजी के इस खास इवेंट के दूसरे दिन साफ हो गया कि आने वाले सालों में एआई और ऑटोमेशन हमारी डेलीफाइफ और इंडस्ट्री दोनों को बदलने वाला है.
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक दूसरे दिन की शुरुआत Siemens के प्रेसिडेंट और CEO रोलैंड बुश के कीनोट से हुई. उन्होंने बताया कि कैसे Siemens के ग्राहक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की मदद से अपने बिजनेस, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन को पूरी तरह बदल रहे हैं. इस दौरान Nvidia के CEO जेंसन हुआंग भी मंच पर पहुंचे. दोनों कंपनियों ने अपनी पार्टनरशिप को और आगे बढ़ाने का ऐलान किया. उनका कहना था कि यह साझेदारी एक नई AI-ड्रिवन इंडस्ट्रियल क्रांति की शुरुआत करेगी, जिससे फैक्ट्रियों से लेकर प्रोडक्शन और लॉजिस्टिक्स तक सब कुछ नए सिरे से डिजाइन होगा.
इस दिन का शानदार समापन Lenovo ने किया. लेनोवो ने एक विजुअल प्रेजेंटेशन के जरिए दिखाया कि उसकी AI प्लेटफॉर्म्स कैसे लोगों की पर्सनल लाइफ, बिजनेस और दुनिया को बेहतर बना सकती हैं. Lenovo के CEO यांग युआनकिंग के साथ इस मंच पर Nvidia के जेंसन हुआंग, AMD की CEO लिसा सू और Intel के CEO लिप-बू टैन जैसे बड़े टेक लीडर्स भी मौजूद रहे.
CES हर साल कंपनियों के लिए एक बड़ा मंच होता है, जहां वे अपने आने वाले प्रोडक्ट्स की झलक दिखाती हैं. इस साल के दूसरे दिन पर कई ऐसे प्रोडक्ट सामने आए, जिन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी और सोशल मीडिया पर भी छा गए.
Razer ने एआई पर किया फोकस
गेमिंग ब्रांड Razer ने इस बार AI पर खास जोर दिया. कंपनी ने दो AI-पावर्ड प्रोटोटाइप दिखाए. इनमें से पहला एक ऐसा गेमिंग हेडसेट है, जो सिर्फ गेमिंग के लिए नहीं बल्कि एक पर्सनल AI असिस्टेंट की तरह भी काम करता है. वहीं, दूसरा एक AI डेस्क कंपेनियन है, जो गेमिंग टिप्स देने के साथ-साथ यूजर की डेली लाइफ को ऑर्गनाइज करने में मदद करेगा. यह एक छोटा सा होलोग्राफिक डिवाइस है, जो स्क्रीन से बाहर निकलकर टेबल पर रखा जा सकता है. इसके बारे में कंपनी का कहना है कि दोनों प्रोडक्ट्स इस साल के अंत तक बाजार में आ सकते हैं.
रोबोट्स ने भी CES 2026 में खूब सुर्खियां बटोरीं. Oshkosh Corporation ने ऐसे ऑटोनॉमस एयरपोर्ट रोबोट्स पेश किए, जो विमान के लैंड करते ही उसे गेट तक गाइड कर सकते हैं और लगेज उतारने जैसे काम संभाल सकते हैं. कंपनी का दावा है कि इससे फ्लाइट की उड़ान में होने वाली देरी कम होगी और खराब मौसम में भी एयरपोर्ट ऑपरेशन सुचारू रूप से हो सकेंगे.
होम टेक्नोलॉजी में भी कुछ अलग देखने को मिला. Roborock ने ऐसा रोबोट वैक्यूम दिखाया, जिसके पैरों जैसे स्ट्रक्चर हैं और वह सीढ़ियां चढ़कर सफाई कर सकता है. यह प्रोडक्ट अभी डेवलपमेंट स्टेज में है, लेकिन इसकी झलक ने लोगों को हैरान कर दिया.
इसके अलावा हेल्थ टेक्नोलॉजी की बात करें तो Withings ने अपनी नई Body Scan 2 स्मार्ट स्केल पेश की. यह सिर्फ वजन नहीं, बल्कि 90 सेकंड में 60 से ज्यादा हेल्थ पैरामीटर्स चेक करती है, जिसमें हार्ट एज और मेटाबॉलिज्म भी शामिल है.
इसके अलावा फ्यूजन एनर्जी पर भी बड़ा ऐलान हुआ. Commonwealth Fusion Systems, Nvidia और Siemens मिलकर AI की मदद से न्यूक्लियर फ्यूजन को तेजी से हकीकत में बदलने पर काम करेंगे. यह भविष्य में कार्बन-फ्री एनर्जी का बड़ा जरिया बन सकता है.

