ETV Bharat / technology

CES 2026: Boston Dynamics ने पेश किया इलेक्ट्रिक ह्यूमनॉइड रोबोट Atlas, जानें इसकी खास बातें

Boston Dynamics ने CES 2026 में Google DeepMind AI से लैस पूरी तरह इलेक्ट्रिक Atlas ह्यूमनॉइड रोबोट पेश किया है.

Meet Atlas: The robot that charges itself and lifts 50kg like a pro
एटलस से मिलिए: वो रोबोट जो खुद को चार्ज करता है और 50kg वज़न उठाता है (Image Credit: Boston Dynamics)
author img

By ETV Bharat Tech Team

Published : January 9, 2026 at 5:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हैदराबाद: रोबोटिक्स की दुनिया काफी तेजी से बढ़ती जा रही है. आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस टेक्नोलॉजी के आने के बाद से रोबोटिक्स के क्षेत्र में लगातार कई बड़े और बेहद हैरान कर देने वाले इनोवेशन देखने को मिल रहे हैं. कंज्यूमर इलेक्ट्रोनिक शो यानी CES 2026 में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिल रहा है. Boston Dynamics ने CES 2026 में अपने पूरी तरह इलेक्ट्रिक ह्यूमनॉइड रोबोट Atlas का प्रोडक्ट वर्जन पेश किया है.

इस रोबोट को Hyundai के CES प्रेजेंटेशन के दौरान दुनिया के सामने पेश किया गया. इसकी खास बात है कि Atlas नाम के इस खास रोबोट को Google DeepMind के नए AI फाउंडेशन मॉडल्स से ट्रेन किया गया है. इस खास ट्रेनिंग की वजह से इसके सोचने, समझने और अनजान माहौल में काम करने की क्षमता पहले से कहीं ज्यादा बेहतर हो गई है.

Boston Dynamics introduced production model of Atlas robot
बोस्टन डायनेमिक्स ने एटलस रोबोट का प्रोडक्शन मॉडल पेश किया. (Image Credit: Boston Dynamics)

Hyundai ऑटो फैक्ट्रियों में होगी टेस्टिंग

Boston Dynamics ने Google DeepMind के साथ अपनी पार्टनरशिप का भी ऐलान किया है. इस पार्टनरशिप के तहत Gemini Robotics मॉडल को Atlas के साथ-साथ कंपनी के मशहूर रोबोट डॉग Spot में भी इस्तेमाल किया जाएगा. आने वाले कुछ महीनों में इस एआई-पावर्ड ह्यूमनॉइड रोबोट को Hyundai की ऑटो फैक्ट्रियों में टेस्ट किया जाएगा, ताकि असली इंडस्ट्रियल माहौल में इसकी परफॉर्मेंस चेक की जा सके.

Boston Dynamics' robot dog Spot
बोस्टन डायनेमिक्स का रोबोट कुत्ता स्पॉट (Image Credit: Boston Dynamics)

कंपनी ने इसके बारे में बताया कि Atlas का प्रोडक्शन उसके Boston हेडक्वार्टर में शुरू हो चुका है. साल 2026 के लिए सभी डिप्लॉयमेंट पहले ही तय कर लिए गए हैं. इन रोबोट्स के बेड़े को Hyundai के Robotics Metaplant Application Centre और Google DeepMind तक भेजा जाएगा. नए कस्टमर्स को 2027 की शुरुआत में जोड़ा जाएगा.

Atlas को खास तौर पर इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया गया है. यह मटेरियल हैंडलिंग, ऑर्डर फुलफिलमेंट और दूसरे भारी काम भी आसानी से कर सकता है. रोबोट बदलते माहौल के हिसाब से खुद को ढाल भी सकता है, भारी वजन भी उठा सकता है और बिना ज्यादा निगरानी के भी काम कर सकता है. इसकी सबसे बड़ी बात यह है कि Atlas नए टास्क जल्दी सीख सकता है और एक बार सीखा गया काम पूरे फ्लीट में दोहराया जा सकता है.

The Atlas is a fully electric humanoid robot capable of a variety of industrial tasks
एटलस एक पूरी तरह से इलेक्ट्रिक ह्यूमनॉइड रोबोट है जो कई तरह के इंडस्ट्रियल काम करने में सक्षम है. (Image Credit: Boston Dynamics)

चार्जिंग स्टेशन पर जाकर खुद बैटरी बदलता है रोबोट

Boston Dynamics पहले भी दिखा चुकी है कि Atlas बैटरी खत्म होने पर रुकता नहीं है. यह खुद ही चार्जिंग स्टेशन तक पहुंचता है, अपनी बैटरी बदलता है और दोबारा काम में लग जाता है. इसकी तकनीकी खूबियों की बात करें तो Atlas तीन तरीकों से ऑपरेट हो सकता है. पूरी तरह ऑटोनॉमस, टेलीऑपरेशन के जरिए या टैबलेट से कंट्रोल करके. इसमें 56 डिग्री ऑफ फ्रीडम है, जिससे इसकी मूवमेंट काफी नेचुरल और फ्लेक्सिबल बनती है.

यह रोबोट 2.3 मीटर तक की ऊंचाई पर काम कर सकता है और 50 किलो तक वजन उठा सकता है. यह पानी से काफी हद तक सुरक्षित है और -20 डिग्री से 40 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में काम कर सकता है. सेफ्टी के लिए इसमें ह्यूमन डिटेक्शन और फेंसलेस गार्डिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं. Boston Dynamics लंबे समय से रोबोटिक्स की दुनिया में काफी आगे रही है. पहले कंपनी ने हाइड्रॉलिक सिस्टम पर काम किया, लेकिन अब पूरी तरह इलेक्ट्रिक सिस्टम अपनाकर ज्यादा कॉम्पैक्ट, एफिशिएंट और कम मेंटेनेंस वाला रोबोट तैयार किया है. AI में हुई तेजी ने Atlas को प्रोडक्शन के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया है.