Explainer: Ather Konarc vs Ather 450: आपको कौनसी इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदनी चाहिए?
Ather Konarc सस्ती कीमत और परिवार के लिए आरामदायक डिजाइन के साथ आता है जबकि Ather 450 सीरीज ज्यादा पावर और स्पोर्टी एक्सपीरियंस देता है.

Published : August 31, 2026 at 2:01 PM IST
हैदराबाद: भारत की सबसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर कंपनी एथर ने हाल ही में अपनी एक नई इलेक्ट्रिक स्कूटी लॉन्च की है, जिसका नाम कोनार्क (Ather Konarc) है. यह कंपनी का सबसे सस्ता मॉडल है और इसे कंपनी ने फैमिली यूज़ के इस्तेमाल के लिए बनाया है. इस स्कूटी से पहले एथर की ही एक और इलेक्ट्रिक स्कूटी एथर 450 (Ather 450) काफी लंबे समय से कंपनी लोगों की जरूरतों को पूरा करते आ रही है और लोगों के बीच अच्छा-खासा भरोसा भी कायम किया है. एथर की ये दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर कीमत, रेंज, पावर, डिज़ाइन और सुविधाओं के मामलों में अलग-अलग जरूरतों को पूरा करती है. आइए हम जानते हैं कि एथर की इन दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर में क्या और कितना अंतर है.
कीमत और वेरिएंट्स
कोनार्क की शुरुआती कीमत 99,999 रुपये है. इस कीमत में कोनार्क का बेस वेरिएंट यानी S 100 KM मिलेगा, जबकि S 125 KM वाले वेरिएंट की कीमत 1,21,999 रुपये है और S 161 KM वाले वेरिएंट की कीमत 1,44,999 रुपये है. इनके अलावा 200 KM वाले और जेड लाइन वाले वेरिएंट की कीमत का पता बाद में चलेगा. इस इलेक्ट्रिक स्कूटी के कुछ वेरिएंट की डिलीवरी सितंबर 2026 से और बाकी की 2027 से शुरू होगी.
एथर 450 सीरीज में 450S, 450X और 450 Apex शामिल हैं. 450S की कीमत करीब 1.28 लाख से 1.46 लाख रुपये के बीच में है. 450X की कीमत 1.48 लाख से 1.58 लाख रुपये के बीच में है. वहीं, इसके टॉप मॉडल यानी 450 Apex की कीमत 1.85 लाख रुपये से शुरू होती है.
ध्यान रखें कि इन दोनों ही गाड़ियों के सभी वेरिएंट्स की कीमत शहरों और मौजूदा ऑफर्स के हिसाब से थोड़ी बदल सकते हैं. इन दोनों गाड़ियों की कीमत देखकर समझ आता है कि हाल ही में लॉन्च हुई एथर कोनार्क सस्ती इलेक्ट्रिक स्कूटी है. दूसरी ओर 450 सीरीज महंगी जरूर है, लेकिन ज्यादा पावरफुल और फीचर्स से लैस है.
बैटरी, रेंज और चार्जिंग
कोनार्क में तीन बैटरी ऑप्शन्स मिलते हैं:
- 2.1 किलोवॉट घंटा वाली 100 किमी आईडीसी रेंज देती है.
- 2.7 किलोवॉट घंटा वाली 125 किमी आईडीसी रेंज देती है.
- 3.5 किलोवॉट घंटा वाली 161 किमी रेंज का दावा करती है.
आजकल के ट्रेंड और लोगों की जरूरत के हिसाब से इसकी रेंज थोड़ी कम है. हालांकि, 200 किलोमीटर वाला वेरिएंट बाद में आएगा, तो तुलना थोड़ी अलग हो सकती है.
चार्जिंग टेक्नोलॉजी में कोनार्क की खास बात है. इसमें 450 वॉट का ऑनबोर्ड चार्जर लगा है. इसे घर के साधारण सॉकेट से चार्ज किया जा सकता है. इसे 0 से 80 प्रतिशत चार्ज में 4 से 5.5 घंटे लगते हैं. एक्स्ट्रा चार्जर लगाने पर यह टाइम आधा हो जाता है. एथर ग्रिड से भी इसे चार्ज किया जा सकता है.
- 450 सीरीज में दो बैटरी ऑप्शन्स मिलते हैं:
- 2.9 किलोवॉट घंटा वाली 122 आईडीसी रेंज देती है.
- 3.7 किलोवॉट घंटा वाली 161 आईडीसी रेंज देती है.
हालांकि, मोड के हिसाब से असली रेंज 75 से 130 किमी के बीच रहती है. इस गाड़ी को भी घर के साधारण सॉकेट और ग्रिड दोनों से चार्ज किया जा सकता है. इसके कुछ वेरिएंट में फास्ट चार्जिंग भी बेहतर है.
पावर, स्पीड और परफॉर्मेंस
एथर कोनार्क का मकसद है कि लोग डेली-लाइफ के कामकाज के लिए शहरों में सवारी कर सकते हैं. इसमें पावर 4 से 4.7 किलोवॉट तक है. टॉर्क 16 न्यूटन मीटर है. टॉर्क 16 न्यूटन मीटर है. टॉप स्पीड 70 किमी प्रति घंटा है. जेड लाइन में 80 किमी प्रति घंटा हो सकता है. 0 से 40 किमी प्रति घंटा में 4.7 से 5 सेकंड लगते हैं.
एथर 450 सीरीज ज्यादा तेज है. 450S में 5.4 किलोवॉट और 22 न्यूटन मीटर टॉर्क है. 450X में 6.4 किलोवॉट और 26 न्यूटन मीटर है, जबकि 450 Apex में और भी ज्यादा पावर है. टॉप स्पीड 90 से 100 किमी प्रति घंटा तक जाती है. एक्सेलेरेशन भी तेज है. 0 से 40 किमी प्रति घंटा में 3.3 से 3.9 सेकंड लगते हैं.
इससे साफ समझ आता है कि 450 सड़क पर ज्यादा मजेदार और स्पोर्टी लगती है, जबकि कोनार्क आरामदायक और स्थिर इलेक्ट्रिक स्कूटी है.
डिजाइन, बॉडी और स्टोरेज
एथर कोनार्क में स्टील यूनिबॉडी चेसिस और मेटल बॉडी पैनल हैं. यह ज्यादा मजबूत लगता है. इसके आगे 14 इंच और पीछे 12 इंच का व्हील है. सस्पेंशन ट्रैवल भी अच्छा है. अंडरसीट स्टोरेज 31 लीटर का है. पीछे वाले यात्री के लिए कुशन वाला ग्रैब रेल और एडजस्टेबल बैकरेस्ट मिलता है.
एथर 450 सीरीज कॉम्पैक्ट और स्पोर्टी लुक वाली है. स्टोरेज करीब 22 लीटर का होता है. लंबे लोगों को इसमें थोड़ी दिक्कत महसूस हो सकती है. हालांकि, इसकी हैंडलिंग बहुत अच्छी है.
फीचर्स और डिस्प्ले
कोनार्क के बेस मॉडल में 4.2 इंच की स्क्रीन दी गई है. इसके हाई वेरिएंट में 7 इंच का डीपव्यू डिस्प्ले दिया गया है. इसमें ऑटो होल्ड, पार्क असिस्ट, रिवर्स मोड, एयरवॉक, थेफ्ट अलर्ट और फाइंड माई स्कूटर जैसी कई खास फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी ने बताया है कि कोनार्क की जेड लाइन में मैजिक की और ऑटो पॉप बूट भी आएगा.
एथर 450 के डिस्प्ले और फीचर्स की बात करें तो इसमें 7 इंच की TFR टचस्क्रीन दी गई है. इसमें मैजिक ट्विस्ट, ट्रैक्शन कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, पॉथोल अलर्ट समेत कई सारे स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं. इसमें नियमित अंतराल पर सॉफ्टवेयर अपडेट्स भी आते रहते हैं.
| चीज | ATHER KONARC | ATHER 450 |
| शुरुआती कीमत | 99,999 रुपये | 1.28 लाख रुपये |
| बैटरी | 2.1 से 3.5 किलोवॉट घंटा | 2.9 से 3.7 किलोवॉट घंटा |
| आईडीसी रेंज | 100 से 161 किमी (200 किमी प्लान) | 122 से 161 किमी |
| पावर | 4 से 4.7 किलोवॉट | 5.4 से 7 किलोवॉट |
| टॉर्क | 16 न्यूटन मीटर | 22 से 26 न्यूटन मीटर |
| टॉप स्पीड | 70-80 किमी/घंटा | 90-100 किमी/घंटा |
| स्टोरेज | 31 लीटर | करीब 22 लीटर |
| फोकस | परिवार और आराम | स्पोर्ट और परफॉर्मेंस |
| चार्जर | ऑनबोर्ड 450 वॉट | होम + फास्ट विकल्प |
निर्णय: क्या करना चाहिए?
एथर की इन दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटर के बारे में इतना कुछ जानने और समझने के बाद हम यह समझ सकते हैं कि हाल ही में लॉन्च हुई कोनार्क एथर कंपनी को नए ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद करेगी और लोगों को कम कीमत में एथर का एक नया विकल्प मिलेगा. वहीं, एथर 450 सीरीज कंपनी के पुराने फैंस और परफॉर्मेंस समेत खास फीचर्स पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए अभी भी पहली पसंद रह सकती है. दोनों ही इलेक्ट्रिक स्कूटर की दुनिया में अच्छे विकल्प हैं. आप अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से फैसला कर सकते हैं. आपकी दुविधा को आसान बनाने के लिए हमने ऊपर इस ग्राफिक्स को बनाया है, ताकि आप इन दोनों एथर स्कूटी के बीच में आसानी से चुनाव कर सकें.

