ETV Bharat / state

सड़क हादसे में जिला पंचायत सदस्य के पति की मौत, केदारघाटी में शोक की लहर

टाटा सूमो की टक्कर से जिपं सदस्य के पति की मौत की खबर है. इस घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है.

KAILASH PUSHPAN ROAD ACCIDENT
ऊखीमठ मोटर मार्ग रोड एक्सीडेंट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 28, 2026 at 6:13 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रप्रयाग: भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार डॉ. कैलाश पुष्पाण की मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही केदारघाटी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हुई इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. वहीं ऊखीमठ क्षेत्र में भी मातम का माहौल रहा.

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर डॉ. कैलाश पुष्पाण स्कूटी से जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही टाटा सूमो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉ. पुष्पाण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर ही वे बेहोश हो गए. हादसे के बाद सूमो चालक उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

डॉ. कैलाश पुष्पाण की पहचान पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पाण के पति के रूप में हुई. उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई. रक्षाबंधन की खुशियां देखते ही देखते परिवार के लिए गहरे दुख में बदल गईं.

कैलाश पुष्पाण अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे. सेवाभाव और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने के कारण उन्होंने लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई थी. उनके असामयिक निधन से क्षेत्र ने एक सरल, संवेदनशील और सेवाभावी व्यक्तित्व खो दिया है. हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग गुप्तकाशी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. वहीं डॉ. पुष्पाण के निधन के शोक में ऊखीमठ के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे. घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है.

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद टाटा सूमो चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस द्वारा गुप्तकाशी में शव के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है. ऊखीमठ पुलिस प्रशासन के अनुसार मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिवत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. दुर्घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

पढे़ं- मसूरी में कार खाई में गिरकर पेड़ से अटकी, बाल-बाल बची जिंदगी, रातभर फंसे रहे कार सवार

पढे़ं- चमोली नंदानगर में खाई में गिरी कार, सेना के जवान की मौत, परिवार में मचा कोहराम