ETV Bharat / state

जयपुर की सांस्कृतिक विरासत बचाने के लिए जन आक्रोश रैली, बड़ी संख्या में युवा एवं महिलाएं हुईं शामिल

खोले के हनुमान जी मंदिर से रामलीला मैदान पहुंची युवा शक्ति मंच की रैली में हजारों वाहन थे शामिल.

Youth participating in a rally in Jaipur.
जयपुर में रैली में शामिल युवा (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 23, 2026 at 7:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: युवा शक्ति मंच राजस्थान ने जयपुर की सांस्कृतिक विरासत बचाने और परकोटे से एक वर्ग का पलायन रोकने की मांग लेकर रविवार को विशाल जन आक्रोश रैली निकाली. इसमें हजारों युवा एवं महिलाएं शामिल हुईं. हजारों दोपहिया और चौपहिया वाहनों पर सवार लोग ध्वज लहरा रहे थे. रैली खोले के हनुमान जी मंदिर गेट से रवाना होकर सुभाष चौक, बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़ और अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंची. इस दौरान कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया. पुलिस अधिकारी मुस्तैद दिखे. रैली के रास्ते में वाहनों की पार्किंग निषेध थी.

युवा शक्ति मंच राजस्थान के प्रदेश संयोजक सुनील सिंह शेखावत ने बताया कि रैली से जयपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया. जयपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक इमारतें, धार्मिक स्थलों, कला संस्कृति और परंपराओं के कारण देश दुनिया में विशेष पहचान रखने वाला नगर है. ऐसे में इसकी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है. रैली के जरिए प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास है.

युवा शक्ति मंच के प्रदेश संयोजक सुनील सिंह शेखावत बोले... (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: महिला आरक्षण बिल पर घमासान, जयपुर में भाजपा ने निकाली जन आक्रोश पदयात्रा, पुलिस से हुआ टकराव

धर्मांतरण पर अंकुश: युवा शक्ति मंच के प्रदेश संयोजक सुनील सिंह शेखावत ने कहा कि जयपुर में कथाकथित लव जिहाद बड़ा मुद्दा था. इस पर भाजपा सरकार धर्मांतरण निरोधक बिल लाई. इससे धर्मांतरण पर कुछ हद तक अंकुश लगा, लेकिन जयपुर में एक वर्ग का पलायन हो रहा है. इससे जनता में आक्रोश है. शेखावत ने कहा, समुदाय विशेष के लोगों की प्रताड़ना से पलायन हो रहा है. कुछ लोग चारदीवारी क्षेत्र को समुदाय विशेष का इलाका बनाना चाहते हैं. पलायन के विरुद्ध विशाल रैली निकाली गई.

The youth raised spirited slogans.
युवाओं ने लगाए जोशीले नारे (ETV Bharat Jaipur)

संदेश- हम पलायन नहीं करेंगे: शेखावत ने कहा कि सनातन संस्कृति को मानने वालों ने आज जयपुर की धरा से रैली के जरिए जवाब दिया है कि किसी भी कीमत पर हम पलायन नहीं करेंगे. इस रैली में बहने भी थी, जो पद्मावती का रूप लेकर जयपुर की धरा पर निकली थीं. राजस्थानी ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को संदेश दिया है कि हमारे यहां स्वाभिमान सबसे पहले है. शरीर से बढ़कर भी स्वाभिमान है. मरणोपरांत भी शरीर को कोई छू नहीं पाए. हमारे यहां रानियों ने जौहर के जरिए स्वाभिमान दिखाया था. आज हमारी बहनों ने यही दिखाया है कि आज भी पद्मावती जिंदा है.

A view of the 'Jan Aakrosh' rally.
जन आक्रोश रैली का नजारा (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: गोगामेड़ी हत्याकांड : हत्यारों को फांसी की मांग, सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप

10 हजार वाहन का दावा: सुनील सिंह शेखावत ने बताया कि रैली में जयपुर एवं आसपास से हजारों युवा, माताएं और आमजन शामिल हुए. रैली में सबसे आगे करीब 2000 महिलाएं थीं. महिलाओं ने मातृशक्ति को मजबूत करने का संदेश दिया. शेखावत का दावा था कि रैली में करीब 10,000 वाहन शामिल हुए. उन्होंने जयपुर की पहचान और विरासत से जुड़े मुद्दों को लेकर जन जागरूकता का सबसे बड़ा अभियान बताया.

Youth in saffron and saffron scarves
केसरिया एवं भगवा साफों में युवा (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: धोरीमन्ना जन आक्रोश रैली में फंसी एंबुलेंस, टीकाराम जूली ने लोगों से आग्रह कर दिलवाया रास्ता