हजारीबाग में कड़ाके की ठंड के बीच लोगों ने उठाया बीड़ा, जरूरतमंदों के बीच कर रहे हैं कंबल वितरण
बढ़ती ठंड के बीच यूथ विंग ने हजारीबाग में जरूरतमंदों को कंबल बांटे.

Published : December 19, 2025 at 7:30 PM IST
हजारीबाग: जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. हर दिन पारा गिरता जा रहा है. जिसके बाद भी जिला प्रशासन की ओर से कंबल वितरण का काम शुरू नहीं हुआ है. ठंड को देखते हुए समाज के लोग अब आगे आ रहे हैं और जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण शुरू कर दिया है. उनके द्वारा अलाव की व्यवस्था भी की जा रही है.
हजारीबाग को मिनी शिमला कहा जाता है. पिछले दो दिनों से हजारीबाग में पारा भी गिरता जा रहा है. अब तक जिला प्रशासन की ओर से कंबल वितरण का काम शुरू नहीं हुआ है. इसे देखते हुए युवाओं की ओर से कंबल वितरण का काम शुरू कर दिया गया है. हजारीबाग का यूथ विंग इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में जाकर हर सप्ताह 100 से अधिक कंबल लोगों को उपलब्ध करा रहा है.
यूथ विंग का कहना है कि अत्यधिक ठंड को देखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि जरूरतमंद को ठंड में राहत मिल सके. यूथ विंग के सदस्यों की अपील है कि वैसे लोग जो सक्षम हैं, वह भी इस पुनीत काम में आगे आएं और अपने स्तर से लोगों को कंबल उपलब्ध कराएं.
नगर निगम की ओर से हजारीबाग में अलाव की व्यवस्था की जा रही है. इसे देखते हुए भी समाज के लोगों के द्वारा भी विभिन्न चौक-चौराहों पर लकड़ी उपलब्ध करायी जा रही है. यूथ बैंक के सदस्य इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
यूथ विंग युवाओं का एक समूह है, जो हजारीबाग में सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है. इसके द्वारा ही ठंड को देखते हुए विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है. वहीं जिला प्रशासन कंबल वितरण को लेकर टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर रही है. लगभग 50,000 जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण करना है. इसमें अब विलंब हो रहा है.
यह भी पढ़ें:

