यूपी में युवाओं को 50 हजार रुपये इनाम पाने का सुनहरा अवसर, जानिए क्या होनी चाहिए योग्यता और कैसे करें अप्लाई?
15 से 35 वर्ष के युवा 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं, जानिए कौन से डाक्यूमेंट की होगी आवश्यकता?

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : November 14, 2025 at 8:40 PM IST
मेरठः ऐसे युवा जो जनहित को ध्यान में रखते हुए अनूठा काम कर रहे हैं, उन्हें इस काम के लिए सरकार सम्मानित करेगी. साथ ही 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार भी मिलेगा. राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ अवार्ड के लिए जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल (PRD) विभाग के द्वारा ऐसे युवाओं की खोज की जा रही है जिन्होंने समाज में अपने प्रयासों से सराहनीय कार्य किए हों.
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी वैश्विक डबास ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग के निर्देश पर 2025-26 में विवेकानन्द यूथ अवार्ड देने के लिए विभाग उन युवाओं को अवसर देगा, जिन्होंने खेलकूद एव सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर रुचि दिखाई हो. इसके लिए कई अलग अलग श्रेणी निर्धारित की गई हैं. पौधारोपण, परिवार कल्याण, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय, अल्प बचत, मानव अधिकारों को बढ़ावा, पर्यटन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा सयंत्र की स्थापना,स्वच्छता कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य अनुसंधान, कला संस्कृति और साहित्य पारंपरिक चिकित्सा, सक्रियता नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल और शैक्षिक उत्कृष्टता और स्मार्ट लर्निंग आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15-35 वर्ष के युवा पुरस्कार पा सकते हैं.
डबास ने बताया कि युवाओं को विशिष्टि पहचान देने के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यक्तिगत श्रेणी में अहम भूमिका निभाने के लिए विवेकानन्द यूथ अवार्ड मिलेगा. 30 नवंबर तक आवेदन किये जा सकते हैं. आवेदन करने वाले युवा, जिस जिले से ताल्लुक रखते हैं, उन्हें उसी जिले में आवेदन करना होगा. आवेदक की उम्र 15 से 35 वर्ष के के बीच होना चाहिए. उम्र का निर्धारण वर्ष 1 जनवरी को नामांकन के समय के अनुसार होना चाहिए और कम से कम 3 वर्ष में निर्धारित कार्य क्षेत्रों में से किसी भी एक या उससे अधिक क्षेत्र में अहम योगदान दिया हो.
इस पुरस्कार को एक ही बार लिया जा सकता है. किसी सरकारी सेवा में चाहे वह केंद्र से जुड़ी हो या फिर राज्य सरकार से या फिर सार्वजनिक उपक्रमों, विश्वविद्यालयों, स्कूल व कॉलेज में कार्य करने वाले व्यक्ति इस पुरस्कार को पाने के हकदार नहीं होंगे.
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी वैश्विक डबास ने बताया कि आवेदनकर्ता के द्वारा 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2025 तक किये गये कार्यों की ही समीक्षा की जाएगी. इसी के आधार पर निर्धारित कमेटी के द्वारा चयनित किया जाएगा. साथ ही आवेदन करने वाले शख्स को अपना पुलिस सत्यापन भी कराना अनिवार्य शर्त है. इन शर्तों के आधार पर विवेकानन्द यूथ अवार्ड दिये जाने के लिए जिला युवा कल्याण एंव प्रादेशिक विकास दल विभाग के कार्यालय में अपना आवेदन इच्छुक युवा कर सकते हैं.जिसके बाद जिला स्तरीय कमेटी निर्णय लेगी और विभाग के लखनऊ स्थित मुख्यालय को सूची भेजी जाएगी. आवेदन प्रारूप के साथ ऐसे आवेदकों को अपने किये गये कार्यों का विवरण भी देना होगा. अपने कार्यों से संबंधित दस्तावेजों की फोटो कॉपी और उनके द्वारा किये गये कार्यों को अगर कहीं कोई सम्मान पहले भी किया गया है तो उन प्रशस्ति-पत्र, आदि का रिकॉर्ड के तीन सेट जमा करने होंगे.
वैश्विक डबास ने बताया कि प्रदेश स्तरीय कमेटी प्रदेश भर से भेजे गये ऐसे योग्य होनहारों में से 15 युवाओं को चयनित करेंगे. जिनमें से दस को युवा दिवस के अवसर पर यानी स्वामी विवेकानंद के जन्मोत्सव 12 जनवरी को लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा. सम्मान के तौर पर प्रशस्ति पत्र और 50 हजार रुपये की नगद धनराशि दी जाती है. मेरठ की पैरा खिलाड़ी जैनब खातून को 2023 में ये सम्मान मिला था.
इसे भी पढ़ें- बाराबंकी के चित्रकार का एक छोटा आइडिया ऐसे हुआ सुपरहिट, नेशनल अवार्ड से हुए सम्मानित, पढ़िए पूरा कहानी

