चोरी के शक में युवक को पेड़ से बांधा, पुलिस लेकर पहुंची अस्पताल, इलाज के दौरान मौत
युवक पर बाइक चोरी का शक जताया गया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया.

Published : May 28, 2026 at 3:30 PM IST
दौसा: जिले के बांदीकुई उपखंड में गुरुवार को बाइक चोरी के शक में एक युवक की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना शहर के पंडितपुरा रोड की बताई जा रही है, जहां कुछ लोगों ने एक युवक को बाइक चोरी के शक में पकड़ लिया. आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने युवक को पेड़ से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की. बाद में सूचना मिलने पर बसवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. उसे तत्काल उप जिला अस्पताल बांदीकुई लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बाइक चोरी के शक में पेड़ से बांधकर की मारपीट: मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय दिनेश मीणा निवासी शिक्षक कॉलोनी, हैल्दीना, बांदीकुई के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक पर बाइक चोरी का शक जताया गया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. इसी दौरान कथित रूप से युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही दौसा एडिशनल एसपी शंकर लाल मीणा भी बांदीकुई पहुंचे.
पढ़ें: चोरी के शक में बेरहमी से मारपीट का मामला, 5 गिरफ्तार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट: बसवा थाना प्रभारी हनुमान सहाय ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था. मौके पर युवक अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद उसे डिटेन कर अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन हालत बिगड़ने के चलते अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के साथ क्यों और किन लोगों ने मारपीट की.

