कानपुर में घर के बाहर खड़े युवक की गोली मारकर हत्या, दो गिरफ्तार
पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया गया अंजाम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 3, 2026 at 9:00 AM IST
कानपुर: चौबेपुर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की घर के दरवाजे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. रात करीब दस बजे हुई इस वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करने के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मृतक की पहचान 26 वर्षीय गिरजा शंकर के रूप में हुई है, जो खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर खड़ा था. अचानक चली गोली की आवाज सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक गिरजा शंकर खून से लथपथ जमीन पर दम तोड़ चुका था. घटना के संबंध में परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि राम औतार के बेटे कुलदीप कुमार ने गोली मारी है. दोनों परिवारों के बीच पूर्व से चली आ रही दुश्मनी को इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह बताया जा रहा है, जिसके चलते गांव में भारी तनाव का माहौल है.
घटना सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए. मौके पर एसीपी और डीसीपी समेत वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे. एसीपी अंकित कुमार ने बताया कि पुलिस को गोली मारकर हत्या करने की सूचना मिली थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में दोनों परिवारों के बीच रंजिश का मामला सामने आया है. मामले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ेंःपूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO

