जमशेदपुर के मानगो में युवक की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग की आशंका
जमशेदपुर के मानगो में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

Published : July 9, 2026 at 7:51 AM IST
जमशेदपुर: जिले के मानगो थाना क्षेत्र में बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. मृतक की पहचान राजू उर्फ बच्चा के रूप में हुई है. यह घटना मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंशी मोहल्ला में हुई है.
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने राजू उर्फ बच्चा पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोली चलने से क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया. मौके पर कुछ लोगों ने राजू उर्फ बच्चा को टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है. कुछ लोगों का कहना है कि प्रेम प्रसंग में यह गोली चली है. हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी कारण साफ नहीं हो पाया है.
इधर, सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस और वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है. घटनास्थल पर पहुंचे जमशेदपुर सीटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

