ETV Bharat / state

गोपालगंज में महावीरी अखाड़ा जुलूस में मर्डर, युवक की गोली मारकर हत्या

गोपालगंज में देर रात जुलूस के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप. रिपोर्ट- अटल बिहारी पांडेय

Youth shot dead in Gopalganj
महावीरी अखाड़ा जुलूस में मर्डर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 28, 2026 at 9:51 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी चौक के पास अखाड़ा जुलूस के दौरान अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.

मृतक की पहचान हुई: मृतक की पहचान स्थानीय निवासी शिवजी के 22 वर्षीय बेटे विकास कुमार के रूप में हुई है. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है. स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

जुलूस के दौरान हुई घटना: दरअसल अखाड़ा जुलूस का आयोजन किया गया था. जुलूस जब पुरानी चौक के समीप से गुजर रहा था, तब मची गहमागहमी का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने विकास कुमार को निशाना बनाया. उन्होंने बेहद करीब से उसके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही विकास लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा.

अस्पताल में मृत घोषित: घटना के बाद नगर थाना पुलिस विकास को सदर अस्पताल लेकर पहुंची. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार दल-बल के साथ मॉडल सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई.

Youth shot dead in Gopalganj
महावीरी अखाड़ा जुलूस में मर्डर (ETV Bharat)

जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल: नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गौर कर रही है.

"हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. आपसी रंजिश या जुलूस के दौरान हुए किसी तात्कालिक विवाद सहित हर पहलू से मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है. आरोपियों को जल्द चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा."-राजेश कुमार, सदर एसडीपीओ-2

तनाव रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात: किसी भी तरह के संभावित तनाव या आक्रोश को रोकने के लिए पुरानी चौक और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे.

ये भी पढ़ें-

'हमको कोई गोली मार दिया है' बिहार में बीजेपी नेता पर हमला, हालत गंभीर

बिहार में RJD नेता ददन आजाद को अपराधियों ने मारी गोली