'युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित हरियाणा की बड़ी ताकत', पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर बोले मुख्यमंत्री
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में ‘एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान’ का शुभारंभ किया.

Published : August 12, 2026 at 8:00 PM IST
पंचकूला: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर पंचकूला सेक्टर 5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने प्रदेश के युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि "युवा केवल एक उम्र नहीं, बल्कि ऊर्जा, सामर्थ्य और संभावनाओं का अथाह सागर है. युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं, जो विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी." मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान यह बातें कही.
कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों को सम्मान: मुख्यमंत्री सैनी ने एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि "यह अभियान आगामी 12 अक्टूबर तक प्रदेश भर में चलेगा." उन्होंने देश के 15 सुरक्षित जिलों की सूची में शामिल हरियाणा के कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों को सम्मानित करते हुए कहा कि एचआईवी के खिलाफ लड़ाई केवल विरोध से नहीं, बल्कि सही जानकारी, जागरूकता, अपनापन और संवेदनशीलता के माध्यम से जीती जा सकती है. उन्होंने कहा कि एचआईवी के साथ जीवन जी रहे व्यक्ति से दूरी बनाना अज्ञानता है. हमें बीमारी से लड़ना है, बीमार व्यक्ति से नहीं. उन्होंने समाज से आह्वान किया कि चुप्पी, कलंक और शर्म की तीन दीवारों को मिलकर गिराना होगा. प्रत्येक व्यक्ति कम से कम दस अन्य लोगों तक एचआईवी से बचाव और उपचार से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाए. इससे पहले मुख्यमंत्री ने एचआईवी-एड्स जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी देकर रवाना किया.
स्वस्थ युवा ही सपनों को दे सकता है उड़ान: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि "युवाओं की आकांक्षाएं चाहे कितनी भी बड़ी हों, उन्हें पूरा करने के लिए स्वस्थ और सक्षम शरीर आवश्यक है. अच्छे स्वास्थ्य, बेहतर शिक्षा, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य की आकांक्षा रखने वाले युवाओं को सबसे पहले अपना शरीर स्वस्थ रखना होगा." उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस हाथ में हुनर होना चाहिए, उसमें नशे की सुई नहीं होनी चाहिए और जिन आंखों में जीवन की चमक होनी चाहिए, उनमें नशे का अंधेरा नहीं होना चाहिए. स्वस्थ शरीर और अनुशासित चरित्र ही मजबूत भविष्य की नींव है."
गांव का युवा भी आधुनिक कौशल सीखे: सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का युवा तेज गति से आगे बढ़ रहा है. कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स, ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में दुनिया तेजी से बदल रही है." हरियाणा को इस बदलाव में सबसे आगे रहना है." उन्होंने कहा कि "सरकार का प्रयास है कि गांव का युवा भी शहर के युवा की तरह आधुनिक तकनीक और कौशल सीख सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आईटीआई संस्थाओं को करीब तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से उन्नत किया जा रहा है. उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच एमओयू साइन करके मजबूत साझेदारी स्थापित की जा रही है, ताकि युवाओं को वही कौशल मिले, जिसकी उद्योगों को वास्तविक आवश्यकता है." मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य केवल प्रमाण-पत्र देना नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रशिक्षित युवा के लिए गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर सुनिश्चित करना है.
नौकरी देने वाले बनने की ओर बढ़ें युवा: मुख्यमंत्री ने कहा कि "हरियाणा में युवाओं की सोच में बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है. युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें. रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार पैदा करने के अवसरों की खोज करें." उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में हरियाणा में बिना खर्ची-बिना पर्ची दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं. सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कार्यरत युवाओं के भविष्य को कानूनी सुरक्षा देने की दिशा में भी कदम उठाए हैं.
विदेश सहयोग विभाग की स्थापना: सीएम ने कहा कि "विदेश जाने के इच्छुक युवाओं को बिचौलियों की ठगी से बचाने के लिए सरकार द्वारा कानून बनाया गया है और हरियाणा विदेश सहयोग विभाग की स्थापना की गई है. विदेशों से प्राप्त रोजगार के अवसरों के लिए युवाओं का यहीं साक्षात्कार लेकर उन्हें सुरक्षित एवं वैध माध्यम से विदेश भेजा जा रहा है और इसके लिए कोई पैसा नहीं लिया जाता."
एमएसएमई युवा शक्ति की आर्थिक ताकत: मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे सपने बड़े उद्यमों में बदलते हैं और हुनर रोजगार में बदलता है. हरियाणा में 14 लाख से अधिक एमएसएमई कार्यरत हैं. इस क्षेत्र को और अधिक मजबूत करने के लिए सरकार ने हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन नीति-2026 लागू की है. इस नीति के तहत आगामी पांच वर्षों में 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश, 5 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित करने और प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है.
दस हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित: सीएम ने कहा कि "प्रदेश में नई स्टार्टअप नीति के तहत 10 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं. युवाओं के विचारों को उद्यम में बदलने के लिए पूंजी के साथ-साथ बेहतर नीतियां, बाजार, आधारभूत संरचना और उद्योगों का सहयोग भी आवश्यक है." उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार इस सप्ताह आइडियाथॉन आयोजित कर रही है, जिसमें कोई भी युवा अपने विचार साझा कर सकता है.
दस नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप होगा विकसितः मुख्यमंत्री ने कहा कि "आईएमटी खरखौदा की सफलता से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश में दस नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकसित करने का बड़ा निर्णय लिया गया है. ये केवल जमीन और कारखानों की परियोजनाएं नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की परियोजनाएं हैं. इससे कुशल श्रमिकों, इंजीनियरों, तकनीशियनों और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं अवसर बढ़ेंगे."
खेल मैदान से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचे युवा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि "आर्थिक निर्माण के साथ-साथ शरीर और चरित्र का निर्माण भी जरूरी है. इसके लिए खेल सबसे सशक्त माध्यम है. हरियाणा खेल प्रतिभाओं की धरती है और प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरव बढ़ाया है." उन्होंने कहा कि हाल ही में ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 39 पदक जीते, जिनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल हैं. इन 13 पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं, जिनमें 5 स्वर्ण पदक हरियाणा की बेटियों ने जीते हैं. यह केवल पदकों की संख्या नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं की मेहनत, खिलाड़ियों के जुनून और बेटियों की उड़ान की कहानी है.
भारत को वैश्विक खेल शक्ति बनाने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री ने कहा कि "सरकार का लक्ष्य है कि हर प्रतिभाशाली बच्चे को गांव के खेल मैदान से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का स्पष्ट रास्ता मिले. वर्ष 2036 तक भारत को वैश्विक खेल शक्ति बनाने के लक्ष्य में हरियाणा का योगदान सर्वाधिक हो, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है." उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब दो हजार खेल नर्सरियां संचालित हैं, जहां 40 हजार से अधिक युवा प्रशिक्षण ले रहे हैं. खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी देने के साथ-साथ विजेताओं को करोड़ों रुपये के नकद पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं. कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में 16,418 खिलाड़ियों को 683 करोड़ रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए हैं.
युवाओं के साथ बैठे और सेल्फी ली: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर बार की तरह इस बार मंच पर न बैठकर युवाओं के बीच उनके साथ सभागार में कुर्सी पर ही बैठे. अन्य मंत्री और पदाधिकारी भी कुर्सियों पर बैठे. इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताईं और कार्यक्रम के अंत में युवाओं के स्टाइल में सभागार में मौजूद युवाओं के साथ एक सेल्फी भी ली.
युवा खिलाड़ियों की सराहना: हरियाणा के खेल और युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के युवा खिलाड़ियों ने पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत में नाममात्र स्टार्ट-अप थे लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली प्रेरणा के चलते देश के युवाओं ने हजारों स्टार्ट-अप स्थापित किए हैं, जहां लाखों अन्य युवाओं को रोजगार भी मिला है. उन्होंने कहा कि कुछ विदेशी ताकतें युवाओं की आड़ में देश को अस्थिर करने और देश की छवि को खराब करने की कोशिश कर रही है. लेकिन भारत ऐसी बाहरी ताकतों के मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगा.
95:95:99 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा हरियाणा: स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डाॅ सुमिता मिश्रा ने कहा कि "अंतराष्ट्रीय युवा दिवस हमें याद दिलाता है कि देश का भविष्य हमारी युवा पीढी के हाथों में है. जब युवा स्वस्थ होगा, जागरूक होगा तो हरियाणा मजबूत होगा-भारत मजबूत होगा." उन्होंने हरियाणा राज्य एडस नियंत्रण सोसाईटी के माध्यम से एचआईवी/एडस जागरूकता पर एक गहन आईईसी अभियान का शुभारंभ करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया. साथ ही कहा कि उन्हें खुशी है कि हरियाणा, एचआईवी के विरुद्ध निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. 95:95:99 के लक्ष्य की ओर हम तेजी से बढ रहे हैं. कुरूक्षेत्र और कैथल जिलों ने 95:95:99 का सुरक्षित दर्जा हासिल किया है, जो देश में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है. इसके अलावा पंचकूला, भिवानी और यमुनानगर ने सक्षम दर्जा प्राप्त किया है.
कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे: इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर श्यामलाल बंसल, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, युवा एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी अनुपमा, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रेय सहित अन्य मौजूद रहे.

