गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर ने त्रिपुरा की छात्रा के प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर लगाई आग, पिता बोले- 'ये निर्भया जैसा केस'
गुरुग्राम में 19 साल की छात्रा पर लिव-इन पार्टनर ने सैनिटाइज़र डालकर आग लगाई. गंभीर हालत में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार.

Published : February 22, 2026 at 9:00 AM IST
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में 19 साल की एक छात्रा के साथ क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि उसके लिव-इन पार्टनर शिवम ने उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगा दी और इसका वीडियो भी बनाया. ये मामला बादशाहपुर थाना इलाके का है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. केस में बीएनएस की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस ने बताया कि FIR 19 फरवरी 2026 की रात दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
ऑनलाइन ऐप से हुई थी दोनों की मुलाकात: पीड़िता मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम में सेक्टर-69 के एक पीजी में रहकर बायोटेक्नोलॉजी में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी. उसकी मुलाकात दिल्ली के नरेला निवासी शिवम से एक ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई थी. सितंबर 2025 में दोनों की बातचीत शुरू हुई और बाद में मुलाकातें होने लगीं. पीड़िता का आरोप है कि शिवम ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. कुछ समय बाद दोनों गुरुग्राम में साथ रहने लगे. इसी दौरान आरोपी उस पर शक करने लगा और उसके साथ मारपीट करने लगा.
मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप: पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 16 फरवरी 2026 को आरोपी ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की. आरोप है कि उसने स्टील की बोतल से उसके सिर पर हमला किया और सिर को दीवार और फर्नीचर से टकराया. इसके बाद उसे मिट्टी के बर्तन से मारा गया. पीड़िता ने ये भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगाने की कोशिश की और उसके पैरों पर चाकू से हमला किया. आरोपी ने उसे धमकी भी दी कि वो उसे इतना घायल कर देगा कि वो कभी चल नहीं पाएगी.
वीडियो बनाने का भी लगाया आरोप: पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके न्यूड वीडियो बनाए. 18 फरवरी की रात को मौका मिलने पर उसने आरोपी के फोन से अपनी मां को बंगाली भाषा में पूरी घटना की जानकारी दी. आरोपी बंगाली नहीं समझता था, इसलिए उसे शक नहीं हुआ. इसके बाद उसकी मां ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया.
#WATCH | Delhi | Victim's lawyer, Reena Rai says, " ...she (victim) was being tortured by her partner...i spoke with her parents and they informed me that he set her (victim) private parts on fire using hand sanitiser...he burnt her entire body and did dirty things inside the… https://t.co/3jLxPqkPNx pic.twitter.com/crtnq8p72V
— ANI (@ANI) February 22, 2026
सफदरजंग अस्पताल में चल रहा इलाज: पुलिस ने छात्रा को पहले गुरुग्राम के सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बयान देने के लिए अनफिट बताया. बाद में उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया. वहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिट घोषित किया. इसके बाद पुलिस ने उसका विस्तृत बयान दर्ज किया. गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के बताया कि "आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी."
पीड़िता के वकील ने बताई दर्दनाक दास्तां: पीड़िता की वकील रीना राय ने कहा "पीड़िता को उसका पार्टनर टॉर्चर कर रहा था. मैंने उसके माता-पिता से बात की और उन्होंने मुझे बताया कि उसने हैंड सैनिटाइजर से पीड़िता के प्राइवेट पार्ट्स में आग लगा दी. उसने उसका पूरा शरीर जला दिया और वॉशरूम के अंदर गंदी हरकतें कीं. आरोपी ने पीड़िता को बाहर भी नहीं जाने दिया. किसी तरह, उसने अपने माता-पिता को फोन किया. उसके पिता ने भी कंफर्म किया कि मेडिकल जांच में रेप कंफर्म हो गया है, लेकिन बादशाहपुर पुलिस स्टेशन में जो सेक्शन लगाया गया है, वो सिर्फ मामूली चोटों के लिए है. ये हत्या की कोशिश का मामला है, और रेप का चार्ज नहीं लगाया गया है. जो भी कंफर्मेशन दी गई है.वो पीड़िता के पिता ने दी है. मारपीट से पीड़िता का चेहरा पूरी तरह सूज गया था और उसके बाल पूरी तरह से कट गए थे. आरोपी ने पीड़िता के प्राइवेट पार्ट्स जला दिए और अंदर कुछ डाल दिया. मैंने यही सुना. उसके पिता कह रहे थे, ये निर्भया केस जैसा है. पीड़िता की मां अभी बिल्कुल भी बात नहीं कर रही है. उसके पिता भी पूरी तरह से अनस्टेबल लग रहे हैं."
कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेजा गया: गुरुग्राम पुलिस PRO संदीप कुमार ने कहा "इस मामले में, पीड़ित के परिवार ने गुरुग्राम पुलिस को बताया कि लड़की को उसका एक दोस्त पीट रहा था. पुलिस ने लड़की को बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया. उसका अभी इलाज चल रहा है. उसकी हालत अभी स्थिर है. तुरंत कार्रवाई करते हुए, आरोपी, दिल्ली के नरेला के 19 साल के शिवम नाम के लड़के को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया. लिखित शिकायत के आधार पर, पुलिस ने रेप और दूसरी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. लड़की का अभी इलाज चल रहा है. आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस कस्टडी में ले लिया गया है. पुलिस रिमांड के बाद, उसे कोर्ट में पेश किया गया और कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया. वह अभी जेल में है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है."
डॉक्टर की राय बाद जोड़ी जाएगी दूसरी धाराएं: पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि "जांच में पता चला है कि दोनों एक-दूसरे को सितंबर 2025 से जानते थे. वे एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे, और केस की मौजूदा धाराओं के तहत डॉक्टरों को अपनी राय देनी होगी. डॉक्टरों की राय से जो भी दूसरी धाराएं बनती हैं, पुलिस उन्हें भी इस केस में लागू करेगी. ट्रायल पूरा हो जाएगा. जितनी जल्दी हो सके, और पुलिस मांग करेगी कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले. आरोपी से पुलिस पूछताछ के दौरान, उसने हमला करने की बात मान ली है. उसने पीड़ित पर बुरी तरह हमला किया. शुरुआती MLR में बताई गई चोटों के आधार पर धाराएं लगाई गई हैं. जैसा कि मैंने बताया, डॉक्टर अपनी राय देते हैं, जो एक कानूनी ज़िम्मेदारी है. उस राय के बाद, दूसरी धाराएं भी लगाई जाएंगी."

