लखनऊ में "युवा नीति" कार्यक्रम; युवाओं का विश्वास उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देगा : स्वतंत्र देव
आशियाना थाना क्षेत्र स्थित परिकल्प भवन में हुआ "युवा नीति" के पहले संस्करण का आयोजन.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 7:56 AM IST
लखनऊ : आशियाना थाना क्षेत्र स्थित परिकल्प भवन में "युवा नीति" के पहले संस्करण का आयोजन जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की उपस्थिति में हुआ. 23 जिलों से आए 50 युवाओं, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधियों ने अपने विचार और समाधान मंत्री के समक्ष रखे.
चर्चा में शिक्षा, जल शक्ति, कृषि-सिंचाई और स्थानीय जिला समस्याओं पर सुझाव दिए गए. जिन्हें एक नीति-पत्र में संकलित कर जल शक्ति मंत्री को सौंपा गया. जल शक्ति मंत्री ने हर सुझाव गंभीरता से सुने और कई मामलों में जिला अधिकारियों को मौके पर फोन कर आगे कार्रवाई हेतु निर्देश दिए.
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने युवा नीति कार्यक्रम को ऐतिहासिक पहल बताया. कहा कि युवाओं पर विश्वास करके उन्हें मंच देना उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देगा. अब "सड़कों पर होने के बजाय, अब युवा नीति की मेज पर हैं और यह एहसास जितना सोचा था, उससे कहीं बेहतर है.
युवानीति के निदेशक अच्युत और सक्षम ने बताया कि युवाओं ने अपने विचारों को विस्तृत प्रस्तावों के रूप में तैयार किया है. जल शक्ति मंत्री द्वारा गंभीरता से सुने जाने के अनुभव ने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि उनकी आवाज़ मायने रखती है.
Non-Aligned Movement की युवा प्रतिनिधि सदफ ने कहा कि ऐसा संवाद युवाओं को भारत का वैश्विक मंच पर बेहतर प्रतिनिधित्व करने का आत्मविश्वास भी देता है. युवानीति का संदेश स्पष्ट है कि युवाओं के लिए नहीं, बल्कि युवाओं के साथ मिलकर नीतियां बनाई जाएं.

