यमुनानगर में युवक की हत्या, 2 घायल, झगड़ा सुलझाने के बहाने बुलाया और गला काट दिया
यमुनानगर में युवक की हत्या का मामला सामने आया है. युवक को झगड़ा सुलझाने के लिए बुलाया और गला काट दिया.


Published : February 8, 2026 at 11:51 AM IST
|Updated : February 8, 2026 at 12:08 PM IST
यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में क्राइम ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है. अब गांव खजूरी में हुए हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. देर शाम आपसी झगड़े में हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी हुई है.
युवकों के बीच खूनी झड़प: दरअसल, मामला यमुनानगर के गांव खजुरी का है, जहां देर शाम नागल और खजुरी गांव के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. देखते ही देखते मामूली सी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा होने लगा. इसी दौरान हालात इतने ज्यादा बिगड़ गए कि दोनों पक्षों में चाकूबाजी शुरु हो गई.
हमले में एक युवक की मौत: इस खूनी झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. जांच अधिकारी कुलदीप कुमार ने "बताया कि एक युवक के गले में तेजधार हथियार से चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा. जिसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूसरे घायल युवक की हालत भी नाजुक बताई जा रही थी. जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया". वहीं, इस तरह आपसी झगड़े ने दो परिवारों के घरों में मातम पसरा दिया".
पुलिस जांच जारी: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक टीम और सीआईए की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है. जांच अधिकारी ने बताया कि "सूचना के आधार पर खजुरी गांव पहुंचे और मामले का जायजा लिया. युवकों के बीच हुई झड़प में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में आपसी विवाद सामने आया है, बाकी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है".
ये भी पढ़ें: सोनीपत में हिमाचल की राधा देवी और उसका साथी गिरफ्तार, 8 लाख की चरस बरामद, नशा तस्कर पिता की मौत और पति जेल में

