करनाल में चेहरे पर तेजाब डालकर युवक की हत्या, खेतों में पड़ा मिला शव, आरोपियों की तलाश जारी
हरियाणा के करनाल में चेहरे पर तेज़ाब डालकर हत्या का आरोप लगा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Published : May 26, 2026 at 9:27 PM IST
|Updated : May 26, 2026 at 10:40 PM IST
करनाल : हरियाणा के करनाल के इंद्री क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी. गांव नन्हेड़ा के पास खेतों में युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. मृतक की पहचान चुरनी जागीर निवासी बॉबी के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि पहले युवक को घर से बुलाकर ले जाया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर शव को खेतों में फेंक दिया गया. शव के चेहरे पर तेजाब डालने के निशान मिलने से मामला और भी भयावह हो गया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घर वापस नहीं लौटा : परिजनों के अनुसार, 25 मई की सुबह संगोहा गांव के कुछ युवकों ने बॉबी को फोन कर घर से बुलाया था. बॉबी ने घरवालों से कहा था कि वो पास में ही जा रहा है और जल्द लौट आएगा, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला. अगले दिन पुलिस की सूचना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया. गांव नन्हेड़ा के पास खेतों में एक युवक का शव मिलने की खबर मिली, जिसकी पहचान बॉबी के रूप में हुई.
खेतों में पड़ा मिला शव : जब परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर बेहद दर्दनाक था. आरोप है कि बॉबी के चेहरे पर तेजाब डाला गया था, जिससे चेहरा बुरी तरह झुलस गया था. शव खेतों में पड़ा हुआ मिला. परिजनों का कहना है कि युवक के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है.
डेढ़ साल पुरानी दुश्मनी ने ली जान : परिवार का आरोप है कि बॉबी की संगोहा गांव के कुछ युवकों के साथ करीब डेढ़ साल से रंजिश चल रही थी. पहले भी कई बार उस पर हमला हो चुका था. परिजनों के मुताबिक, तीन बार पहले भी जानलेवा हमले किए गए, लेकिन हर बार वो बच निकला. आरोप है कि पुरानी दुश्मनी और लगातार मिल रही धमकियों के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया.
मिलती रही धमकियां : परिजनों ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर कोर्ट में मामला भी चला था, जिसमें आरोपी पक्ष बरी हो गया था. इसके बाद लगातार समझौते और फैसले का दबाव बनाया जा रहा था. परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने पहले ही बॉबी को जान से मारने की धमकी दी थी और अब उसी धमकी को सच कर दिया गया.
पुलिस क्या कह रही है? : इंद्री थाना प्रभारी राकेश राणा ने बताया कि नन्हेड़ा गांव के पास खेतों में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर शव की पहचान चुरनी जागीर निवासी बॉबी के रूप में हुई. शुरुआती जांच में चेहरा बुरी तरह खराब हालत में मिला है. उन्होंने कहा कि ये जांच का विषय है कि चेहरे पर तेजाब डाला गया या किसी अन्य तरीके से नुकसान पहुंचाया गया. शरीर पर अन्य चोटों के निशान नहीं मिले हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी. पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई अभिषेक की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. सभी आरोपी करनाल के संगोहा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर : फिलहाल शव को करनाल के कल्पना चावला अस्पताल के मॉर्चरी हाउस में भेज दिया गया है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. अब पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : करनाल की महिला क्लर्क डिंपल अरोड़ा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, ऑस्ट्रेलिया-बैंकॉक में रची गई मर्डर की साज़िश
ये भी पढ़ें : अंबाला में अपनों का क़त्ल, 3 लोगों की गोली मारकर हत्या, आरोपी मौके से फरार
ये भी पढ़ें : दिल्ली से किडनैप कर पंजाब के युवक की हत्या, करनाल में फेंकी लाश

