ETV Bharat / state

लखनऊ में युवक का अधजला शव मिला; पुलिस की 4 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं

इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह और समय का पता चलेगा.

लखनऊ में युवक का अधजला शव मिला.
लखनऊ में युवक का अधजला शव मिला. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 7:02 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात युवक का अधजला शव मिला है. हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए लाश को चादर में बांधकर झाड़ियों में फेंका फिर आग लगा दी. पुलिस को करीब 50 प्रतिशत जला हुआ शव मिला है. पुलिस की 4 टीमें हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगी हैं.

सुशांत गोल्फ सिटी थाने के इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि अलखनंदा पुलिस चौकी एरिया के भागीरथी एन्क्लेव पास अधजला शव बरामद किया गया है. स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में लाश देखकर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की. युवक की उम्र 20-25 वर्ष के बीच है.

दूसरी जगह हत्या का शक: उन्होंने बताया कि ऐसा लग रहा है, जैसे युवक की हत्या कहीं और की गई थी. शव को यहां लाकर ठिकाने लगाया गया. पहचान मिटाने के लिए चादर में लपेटकर जलाया गया, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल पाया है. शव का उपरी हिस्सा काफी हद तक जल चुका है.

खंगाले जा रहे CCTV फुटेज: युवक की हत्या की सूचना पर सीनियर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं.

पुलिस की टीमें भागीरथी एनक्लेव और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इससे यह पता चलेगा कि किस वाहन से शव यहां डंप किया गया.

खुलासे के लिए 4 टीमें गठित: ​डीसीपी के निर्देश पर इस हत्याकांड के खुलासे के लिए 4 विशेष टीमें बनाई गई हैं. लखनऊ और आसपास के जिलों जैसे बाराबंकी, रायबरेली के थानों में दर्ज हालिया गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान हो सके.

इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह और समय का पता चल सकेगा.

यह भी पढ़ें: KGMU का इनामी डॉ. रमीजुद्दीन गिरफ्तार; महिला डॉक्टर को लव जिहाद में फंसाकर किया था टॉर्चर, कोर्ट में सरेंडर करना चाहता था