ETV Bharat / state

युवक ने नशे में मां की चाकू से हत्या की, खुद बहन को दी सूचना

आरोपी की पत्नी 5 वर्ष से बेटे के साथ मायके में रह रही थी. वारदात के समय घर में आरोपी और उसकी मां ही थे.

Mothers Murder by Son
पुलिस थाना नवलगढ़ (ETV Bharat Jhunjhunu)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 9, 2026 at 2:02 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

झुंझुनू: जिले के नवलगढ़ कस्बे में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. कृषि उपज मंडी क्षेत्र के सामने स्थित एक मकान में एक युवक ने अपनी ही मां की चाकू से हत्या कर दी. घटना देर रात करीब 12 बजे हुई. घटना के समय बेटा नशे में था. बाद में उसने अपनी बहन को सूचना दी. बहन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी.

नवलगढ़ थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान प्रभाती देवी पत्नी स्वर्गीय शीशराम के रूप में हुई है. परिवार मूल रूप से गुढ़ा थाना क्षेत्र के सिंगनोर गांव का निवासी है और वर्तमान में नवलगढ़ में रह रहा था. प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार आरोपी राजवीर PWD में कार्यरत है. घटना के समय कथित रूप से नशे की हालत में था. बताया जा रहा है कि देर रात किसी बात को लेकर मां और बेटे के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने घर में मौजूद चाकू से हमला कर दिया.

पढ़ें: नौकरी–प्रॉपर्टी के लालच में बेटी ने करवाई मां की हत्या, ताऊ और उसका बेटा भी साजिश में शामिल, 7 लाख की दी सुपारी

वारदात के बाद आरोपी ने अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि रात करीब 12 बजे सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची. मृतका के दामाद शिवकुमार की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. वह पिछले 5 वर्ष से बेटे के साथ अपने मायके में रह रही थी. घटना के समय घर पर केवल आरोपी युवक और उसकी मां ही मौजूद थे.