बिहार में युवक की हत्या, प्रेम प्रसंग में ली गई जान!
युवक की गला दबाकर हत्या की गई, फिर शव को गेहूं के खेत में फेंका गया. पुलिस प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जता रही.

Published : January 10, 2026 at 8:19 PM IST
गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के कटेया थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में शनिवार को 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में खेत से बरामद किया गया. मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी कांग्रेस कुशवाहा के बेटे अनिल कुशवाहा के रूप में हुई है.
गेहूं के खेत में मिला शव : अनिल कुशवाहा का शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित गेहूं के खेत में पड़ा मिला. स्थानीय ग्रामीणों की नजर पड़ने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. परिजनों ने आरोप लगाया है कि अनिल का गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था. उनके अनुसार, लड़की ने ही अनिल को बुलाया था और उसके परिवार ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी, फिर शव को खेत में फेंक दिया.
काफी गुस्से में दिखे ग्रामीण : घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया. भीड़ ने आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने और उसकी पिटाई करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को एक घर में सुरक्षित रखा. भीड़ ने उस घर को चारों ओर से घेर लिया.

FSL की टीम ने की जांच : पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपी को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. कटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
'दोषी बख्शे नहीं जाएंगे' : मौके पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इस संबंघ में कटेया थानाध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान ने बताया कि अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुया है. आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. दोषी बख्शे नहीं जाएंगे. जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा. घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.
''कटेया थाना अंतर्गत मोहनपुर गांव में 25 वर्षीय अनिल कुशवाहा की गला दबाकर हत्या कर देने की बात सामने आई है. प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है. कुछ लोगों को डिटेन किया गया है.''- आनंद मोहन गुप्ता, एसडीपीओ, हथुआ

'प्रेम प्रसंग की गई हत्या' : परिजनों का कहना है कि युवती कई बार अनिल के घर आकर मंदिर में शादी की बात भी कर चुकी थी. इसी प्रेम प्रसंग को लेकर उसकी हत्या की गई है. पुलिस ने परिजनों के आरोप पर जब संदिग्ध युवती के घर दबिश दी तो घरवालों ने दावा किया कि अनिल उनके घर आया था और आत्महत्या कर ली थी. हालांकि शव का खेत में मिलना मामले को पूरी तरह संदिग्ध बना रहा है.
''गांव की एक युवती से अनिल का पिछले कुछ वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. जिसकी जानकारी हम लोगों को एक वर्ष पूर्व हुई थी. जानकारी मिलने के बाद मैं अपने बेटे का ध्यान रखती थी और उससे लड़की से दूरी बनाने की बात कहती. जिसके बाद मेरा बेटा उससे दूरी बना लिया था, लेकिन वह अपने से उसे अलग नहीं रहने देती थी.''- मृतक की मां
'बेटा बाहर कमाने जाने वाला था' : अनिल के मां ने बताया कि कई बार वह कहीं चला जाता था तो उसे बुलाती थी और अपने पास ही रखना चाहती थी. लगातार उसपर शादी का दबाव डाल रही थी. शादी नहीं करने पर फंसाने की धमकी देती थी. अपने रिश्तेदारों के यहां भी नहीं जाने देती थी. वह कई बार अपना हाथ काट लेती तो कई बार जहर खाने की धमकी देती. 15 तारीख को वह बाहर कमाने जाने वाला था. इसी बीच उसकी हत्या कर दी गई.
ये भी पढ़ें :-
बिहार में दोस्त बना दुश्मन! चाकू गोदकर युवक की हत्या, परिजन बोले-'विवाद का समाधान हो जाता तो..'
'प्यार करती थी वो..' मां-बाप और भाई ने पहले किया कत्ल, जलाया, फिर दफनाया

