'सॉरी माय फैमली..' पत्नी के प्रेम संबंध से परेशान युवक ने की आत्महत्या, शादी के 6 महीने बाद उठाया खौफनाक कदम
मुजफ्फरपुर में 26 वर्षीय युवक ने शादी के मात्र 6 महीने बाद आत्महत्या कर ली. पत्नी के कथित प्रेम संबंध को बताया कारण. पढ़ें खबर-

Published : June 19, 2026 at 10:13 AM IST
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. रेलवे ट्रैक के किनारे से मिले लेटर में युवक ने अपनी मौत के लिए पत्नी के कथित प्रेम संबंध को जिम्मेदार ठहराया है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
पत्नी के प्रेम संबंध से था परेशान: मृतक की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के कपरपुरा स्टेशन के पास सिरसिया खुर्द गांव निवासी के रूप में हुई है. बुधवार को मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड पर कपरपुरा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक से उसका शव बरामद किया गया. मौके से एक लेटर भी मिला, जिसमें युवक ने लिखा कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक से प्रेम करती है और इसी कारण वह मानसिक तनाव में था.
युवक ने मरने से पहले छोड़ा लेटर: युवक ने अपने लेटर में लिखा, “मेरे मरने का कारण मेरी पत्नी ही है. वह अपने गांव के एक लड़के से प्रेम करती है. उसके फोन में उसकी तस्वीरें थी. यह सब मुझे अच्छा नहीं लग रहा था. अंदर ही अंदर घुटन होने लगी. यही मेरी मौत का कारण बना. सॉरी माय फैमिली.”
6 महीने पहले हुई थी सादी: परिजनों के अनुसार युवक की शादी 1 दिसंबर 2025 को हुई थी. शादी को अभी छह महीने ही हुए थे, लेकिन शुरुआती दिनों से ही पति-पत्नी के रिश्ते में तनाव बना हुआ था. युवक जयपुर में काम करता था और शादी के बाद पत्नी को भी अपने साथ ले गया था. परिवार का आरोप है कि वहीं उसे पत्नी के कथित प्रेम संबंध की जानकारी मिली, जिसके बाद वह लगातार तनाव में रहने लगा.
युवक को आ रहे थे धमकी भरे संदेश: युवक की भाभी ने बताया कि सोमवार को उसने अपनी परेशानी साझा करते हुए कहा था कि वह पत्नी के रिश्ते को लेकर टूट चुका है. परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह गहरे मानसिक दबाव में था. परिजनों का यह भी आरोप है कि उसकी पत्नी जब से मायके गयी थी उसे धमकी मिल रही थी.
"पत्नी के मायके जाने के बाद युवक के मोबाइल पर कथित रूप से फोटो, वीडियो और धमकी भरे संदेश आने लगे थे."-युवक की भाभी
जयपुर से सीधा पहुंचा ससुराल: मृतक के भाई दिलीप महतो ने बताया कि कुछ दिन पहले अभय को पत्नी के कथित संबंधों की पूरी जानकारी मिली थी. इसके बाद वह जयपुर से सीधे ससुराल पहुंचा, जहां पत्नी और ससुराल पक्ष से विवाद भी हुआ. घर लौटने के बाद से वह काफी परेशान रहने लगा था.
क्या कहती है पुलिस: कांटी थाना प्रभारी रविकांत पाठक ने बताया कि घटना की सूचना पर जीआरपी और कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया.
"घटनास्थल से लेटर बरामद हुआ है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."-रविकांत पाठक, थाना प्रभारी, कांटी
आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं: आत्महत्या किसी भी समस्या का हल नहीं है. अगर आप बहुत परेशान हैं और ऐसे विचार मन में आ रहे हैं, तो कृपया अपने किसी विश्वसनीय दोस्त, परिवार के सदस्य या करीबी व्यक्ति से खुलकर बात करें. अपनी मानसिक हालत के बारे में उन्हें बताएं और सहायता मांगें. यदि इसके बावजूद समस्या कम न हो, तो तुरंत दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें.
- स्नेहा फाउंडेशन हेल्पलाइन नंबर- 04424640050 (24x7 उपलब्ध)
- जीवन आस्था हेल्पलाइन- 18002333330
- टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर- 1800914416
- iCall, TISS टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज- 9152987821
- ईमेल- icall@tiss.edu
- फेसबुक- iCALL Psychosocial Helpline
- एक्स- @iCALLhelpline
- NIMH हेल्पलाइन : 988
ये भी पढ़ें-
पटना में महिला कांस्टेबल ने की आत्महत्या, किराए के मकान से मिला शव
बिहार में प्रेमी जोड़े का शव बरामद, हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस

