गया में युवक ने की आत्महत्या, पत्नी और सास के साथ विवाद से डिप्रेशन में था
गया में शिवरात्रि की देर शाम एक युवक ने आत्महत्या कर ली. परिजनों का आरोप पत्नी और सास के साथ विवाद से डिप्रेशन में था.

Published : February 16, 2026 at 4:03 PM IST
गया: बिहार के गया जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर एक आत्महत्या की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. शेरघाटी थाना क्षेत्र के शेखपुरा शास्त्री मोहल्ले में 35 वर्षीय युवक सत्येंद्र कुमार महतो ने आत्महत्या कर ली. यह घटना महाशिवरात्रि की देर शाम हुई, जब परिवारिक विवादों से परेशान युवक ने यह कदम उठाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है.
परिवारिक कलह से तंग आया युवक: सत्येंद्र कुमार महतो पिछले कई सलों से अपनी पत्नी और सास के साथ लगातार विवादों में फंसा हुआ था. परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अविश्वास की स्थिति बनी रहती थी. पत्नी के फोन पर दूसरों से बातचीत को लेकर अक्सर झगड़े होते थे, जिससे सत्येंद्र मानसिक रूप से परेशान रहता था. मृतक की बहन ने बताया कि इन विवादों के कारण कई बार मामला थाने तक पहुंच चुका था और एक बार पुलिस ने सत्येंद्र को थाने भी बुलाया था.
सास की धमकियां और लगातार प्रताड़ना: परिजनों का आरोप है कि सास भी सत्येंद्र को नियमित रूप से धमकाती और प्रताड़ित करती थी. शादी के आठ वर्ष बाद दो बेटियां होने के बावजूद परिवार में कलह कम नहीं हुई. पत्नी बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी, जिससे सत्येंद्र और अधिक डिप्रेशन में चला गया. परिवार के अनुसार, दोनों ने कुछ समय हैदराबाद में साथ रहकर काम किया था और वहां एक मकान भी खरीदा गया, जो सास के नाम पर करवा लिया गया.
मानसिक तनाव चरम पर पहुंचा: पत्नी के मायके जाने के बाद सत्येंद्र का मानसिक स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता गया. वह डिप्रेशन में डूब गया और रोजमर्रा की जिंदगी में परेशान रहने लगा. रविवार को महाशिवरात्रि के दिन उसका तनाव चरम पर पहुंच गया. देर शाम घर में ही उसने इस घटना को अंजाम दिया. बचाव के प्रयासों के बावजूद उसकी मौत हो गई.
परिजनों की मांग: मृतक की बहन ने कहा कि लगातार कलह और प्रताड़ना ने उसके भाई को इस कदम तक पहुंचा दिया. उसने पत्नी और सास पर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. यह घटना एक बार फिर परिवारिक विवादों और मानसिक स्वास्थ्य की उपेक्षा जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को उजागर करती है.
"मेरे भाई और उसकी पत्नी के बीच काफी अविश्वास था. पत्नी स्वीटी फोन से इधर-उधर बात करती रहती थी. इसी कारण मेरा भाई तनाव में रहता था. कई बार विवाद हुआ, जो थाने तक भी पहुंच गया."-मृतक की बहन
इलाके में फैली सनसनी: घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों ने घटना को परिवारिक प्रताड़ना का नतीजा बताते हुए पत्नी और सास के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच शुरू कर दी.
पुलिस की जांच और कार्रवाई: शेरघाटी थाना प्रभारी मोहन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर विभिन्न पहलुओं की छानबीन की जा रही है और अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस मामले में सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है.
"युवक के द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. इस घटना की सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है. परिजनों के लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है."-मोहन कुमार, थानाध्यक्ष शेरघाटी
आत्महत्या रोकथाम की जरूरत: ऐसी घटनाएं समाज में मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह के खतरों को दर्शाती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर काउंसलिंग और परिवारिक समझदारी से ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सकता है.
ये भी पढ़ें-
बिहार में एक साथ 4 लड़कियों ने की आत्महत्या, पुलिस के आने से पहले शवों को जलाया
दो सगी बहन समेत 4 सहेलियों ने एक साथ खाया जहर, एक की मौत, 3 की हालत नाजुक
OMG : 6 सहेलियों ने उठाया खौफनाक कदम, 3 की मौत, गांव में मचा कोहराम

