ETV Bharat / state

कर्ज और जमीन विवाद में बेटे ने की पिता की नृशंस हत्या, डॉक्टर को कहा- छत से गिरे, ऐसे खुला राज

शमशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान सिर पर तेजधार हथियार के गंभीर घाव के निशान दिखे, जिससे पूरा मामला सामने आया.

सागवाड़ा थाना
सागवाड़ा थाना (ETV Bharat Dungarpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 29, 2026 at 5:16 PM IST

|

Updated : August 29, 2026 at 5:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

डूंगरपुर : जिले की सागवाड़ा थाना पुलिस ने पिता की हत्या के मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने अपने सिर से कर्ज का बोझ उतारने के लिए जमीन बेचने की कोशिश की थी, लेकिन पिता ने मना किया. इससे गुस्सा होकर उसने पिता पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी निर्मम हत्या कर दी. फिलहाल इस मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

सागवाड़ा सीआई मनीष कुमार ने बताया कि गोवाडी गांव निवासी कांतिलाल अपने पिता गौतमलाल यादव को 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे बेहद गंभीर और घायल अवस्था में सागवाड़ा के राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचा था. उस समय बेटे कांतिलाल ने डॉक्टरों और परिजनों को बताया था कि पिता घर की छत से अचानक नीचे गिर गए थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान गौतमलाल ने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को रात में ही घर ले आए. अगली सुबह परिजन और ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट ले गए.

सागवाड़ा सीआई मनीष कुमार (सोर्स- पुलिस विभाग)

पढ़ें. उदयपुर: पुराने विवाद में बच्चों के सामने पिता की हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश, एक आरोपी डिटेन

शमशान घाट पर खुला राज : शमशान घाट में अंतिम संस्कार की पारंपरिक क्रियाओं के दौरान जब मृतक के सिर पर बंधी पट्टियां खोली गईं तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. सिर पर तेजधार हथियार के गंभीर घाव के निशान मौजूद थे, जो छत से गिरने के नहीं लग रहे थे. ग्रामीणों को मामला संदिग्ध लगा और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थानाधिकारी मनीष खोईवाल के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि व्यक्ति की मृत्यु किसी धारदार हथियार से सिर पर हमला किए जाने के कारण हुई है.

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में कबूला जुर्म : संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक के पुत्र कांतिलाल को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ शुरू की. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसने कानूनी कार्रवाई और जेल जाने से बचने के लिए छत से गिरने की झूठी कहानी रची थी. उसने कबूला कि उसने कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ 3-4 वार किए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी.

पढ़ें. करौली: 15 साल पुरानी रंजिश और पिता की हत्या का बदला, पहले शराब पिलाई फिर पत्थरों से कुचला सिर

हत्या की वजह: भारी कर्ज और जमीन विवाद : पुलिस पूछताछ में हत्या की मुख्य वजह जमीन विवाद और उधारी निकलकर सामने आई है. आरोपी पुत्र कांतिलाल ने कई जगह से उधारी ले रखी थी, जिस पर भारी ब्याज चढ़ चुका था. कर्ज चुकाने के लिए वह अपनी पारिवारिक जमीन बेचना चाहता था, लेकिन उसके पिता गौतम जमीन बेचने का लगातार विरोध कर रहे थे. इसी तकरार के कारण उसने पिता की हत्या की साजिश रची. पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी व अनुसंधान प्रक्रिया जारी है.

Last Updated : August 29, 2026 at 5:27 PM IST