ETV Bharat / state

पटना में फिल्मी अंदाज में युवक का अपहरण, 2 घंटे के अंदर बीच सड़क छोड़ा

पटना में युवक के अपहरण के 2 घंटे बाद ही पुलिस ने बरामद कर लिया. जैसे ही जानकारी मिली शहर में घेराबंदी कर दी गयी.

Youth Kidnapping In Patna
पटना में युवक के अपहरण (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 11, 2026 at 6:41 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: कंकड़बाग थाना के पाटलिपुत्र खेल कॉम्प्लेक्स के पास शनिवार को एक युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया. अपहृत युवक की पहचान सुमित कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पृथ्वीपुर चिरैयाटांड़ का रहने वाला है. प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. हालांकि पुलिस ने दो घंटे के अंदर युवक को बरामद कर लिया.

पहले बाइक पर बिठाया फिर कार में लेकर फरार: पुलिस के अनुसार सुमित कुमार पाटलिपुत्र खेल कॉम्प्लेक्स के पास मौजूद था. तभी अज्ञात बदमाश बाइक से वहां पहुंचे. पहले सुमित को जबरन बाइक पर बैठाया और कुछ ही दूरी पर खड़ी एक कार में डालकर फरार हो गए. घटना को इतनी जल्दी अंजाम दिया गया कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश निकल चुके थे.

पटना में युवक के अपहरण (ETV Bharat)

एक युवक ने पुलिस को दी जानकारी: इस घटना को पास की झुग्गी में रह रहे एक युवक ने देख लिया. उसने तुरंत कंकड़बाग थाना को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. आरोपियों के लोकेशन ट्रेश की गई. इसके बाद पुलिस ने शहर में सघन चेकिंग ऑपरेशन शुरू किया.

पुलिस को देख युवक को छोड़ा: दो घंटे तक पुलिस की कई टीम आरोपियों का पीछा करती रहीं. अंततः बहादुरपुर इलाके में पुलिस ने घेराबंदी की. खुद को फंसा देख बदमाश बहादुरपुर बगीचा के पास सुमित कुमार को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया.

5 लोगों ने दिया था अंजाम: अपहृत युवक सुमित ने पुलिस को बताया कि इस घटना में कुल पांच लोग शामिल थे. तीन लोग कार में सवार थे, जबकि दो बाइक पर थे. अपहरण के दौरान उसके साथ मारपीट की आशंका भी जताई गई है. हालांकि युवक को गंभीर चोट नहीं आई है.

"करीब 10 दिन पहले चाय पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आशंका है कि उसी पुराने विवाद के कारण बदमाशों ने अपहरण किया है." -सुमित कुमार, पीड़ित

क्यों किया अपहरण?: इस मामले में ASP सदर अभिनव कुमार ने बताया कि युवक की ओर से फिलहाल घटना को लेकर स्पष्ट और ठोस जानकारी नहीं दी जा रही है. पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल के पास से एक बाइक बरामद की गई है. जिसके नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.

"अपहरण किस कारण से किया गया, यह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा. फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही कांड का खुलासा कर लिया जाएगा." -अभिनव कुमार, एएसपी सदर, पटना

ये भी पढ़ें:

बिहार में कुख्यात का हाफ एनकाउंटर, 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत पुलिस ताबड़तोड़ मार रही गोली

बिहार के 4 सिविल कोर्ट को RDX से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप