रुद्रपुर में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, गोली लगने से युवक गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर
रुद्रपुर में आपसी विवाद में एक युवक गोली लगने से गंभीर घायल हो गया. घटना की पुलिस जांच में जुट गई है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 1, 2026 at 8:47 AM IST
रुद्रपुर: कोतवाली क्षेत्र रुद्रपुर में बीती शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग कर दी गई. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले जिला अस्पताल फिर हालत बिगड़ने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
रुद्रपुर में शनिवार को दिनदहाड़े गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान रवि पुत्र नरेंद्र दिवाकर के रूप में हुई है. जिसका डिब्डिबा क्षेत्र के कुछ युवकों से पहले से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और आखिरकार हिंसक झड़प में बदल गया. बीती शाम रवि के एक दोस्त का रम्पुरा निवासी युवक से फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. यह बहस शाम तक तूल पकड़ गई. शाम को रवि डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक ढाबे पर पहुंचा, जहां विवाद से जुड़े कुछ युवक पहले से मौजूद थे. कुछ देर बाद रवि का दोस्त भी वहां पहुंच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढाबे पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई.
स्थिति बिगड़ती देख कुछ युवक रवि के दोस्त को जबरन कार में बैठाकर मेडिकल स्टोर के पास छोड़ गए. इसी बीच किसी ने डिब्डिबा निवासी युवकों को सूचना दे दी कि रवि अकेला रह गया है. आरोप है कि इसके बाद कुछ युवक मौके पर पहुंचे और रवि पर फायर झोंक दिया. गोली उसके पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया, फिलहाल उसका इलाज जारी है.
मामले में घायल रवि के दोस्त संजीव कुमार ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो चार-पांच लोग आपस में विवाद कर रहे थे. उसने बताया कि रवि ने ही उसे फोन कर बुलाया था. हालांकि जब वह पहुंचा, तब रवि पहले से वहां मौजूद था. संजीव के अनुसार, सूरज और राजेश नाम के युवक उसे बलेनो कार में बैठाकर विराट ढाबा पर छोड़ आए थे. करीब दस मिनट बाद रवि के भाई का फोन आया, जिसमें उन्होंने रवि के बारे में पूछा. संजीव ने बताया कि उसका मोबाइल फोन बंद हो गया था और वह घर पर मोबाइल चार्ज कर रहा था, तभी उसे गोली लगने की सूचना मिली.
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है. सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दिया है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पूर्व विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
पढ़ें: शख्स को पिता की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग करना पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

