ETV Bharat / state

हापुड़ में सिरफिरे युवक ने दो बहनों पर तेजाब फेंका; दोनों की हालत गंभीर, सगाई टूटने से नाराज था

दोनों बहनों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां गंभीर हालत होने की वजह से मेरठ रेफर किया गया है.

हापुड़ में सिरफिरे युवक ने दो बहनों पर तेजाब फेंका.
हापुड़ में सिरफिरे युवक ने दो बहनों पर तेजाब फेंका. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 30, 2026 at 10:36 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हापुड़: जनपद में हैरान करने वाला दुस्साहसिक मामला सामने आया है. एक सिरफिरे युवक ने सगाई के बाद रिश्ता टूटने पर दो सगी बहनों पर तेजाब फेंक दिया. युवक ने यह दुस्साहस घर में घुसकर की है.

शोर मचाने पर युवक मौके से फरार हो गया. दोनों बहनों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां गंभीर हालत होने की वजह से दोनों को मेरठ रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. मामले की जांच की जा रही है.

यह पूरा मामला जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र का है. थाना सिंभावली क्षेत्र के ग्राम माधापुर निवासी व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया है कि पीड़ित ने अपनी बड़ी बेटी का रिश्ता हापुड़ के आवास विकास कॉलोनी निवासी हर्ष पुत्र राजेंद्र भाटी के साथ तय किया था.

बाद में पीड़ित के परिवार को जानकारी हुई कि युवक हर्ष नशा करता है. उसकी अन्य गलत आदतों की भी जानकारी होने पर पीड़ित ने आरोपी हर्ष के साथ अपनी बेटी का रिश्ता करने से मना कर दिया.

हालांकि, आरोपी पीड़ित की बेटी से शादी करने पर अड़ा रहा. बीती रात करीब 2:15 बजे आरोपी युवक हर्ष अपने हाथ में प्लास्टिक की बोतल में तेजाब लेकर पीड़ित के घर में घुस गया. इसके आने की आहट सुनकर पीड़ित की बेटी की आंख खुल गई.

पीड़ित की बेटी कुछ समझ पाती अचानक आरोपी हर्ष ने पीड़ित की बेटी पर तेजाब डाल दिया. शोर सुनकर पीड़ित की छोटी बेटी ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपी हर्ष ने छोटी बेटी पर भी तेजाब डाल दिया.

हापुड़ में सिरफिरे युवक ने दो बहनों पर तेजाब फेंका. (Video Credit: ETV Bharat)

पीड़ित की दोनों बेटियां गंभीर रूप से झुलस गईं. इसके बाद पीड़ित ने 112 पर पुलिस को सूचना दी. पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पीड़ित की बेटियों को लगातार गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है.

पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक हर्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दोनों पीड़ित युवतियों का उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा है, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों युवतियों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है. परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

यह भी पढ़ें: नदियों के उफान और दावों के 'तूफान' में फंसी जिंदगियां; गांव-खेत पानी में समाए, बह गईं सरकारी व्यवस्थाएं