मौत की बाजी: दोस्तों ने ब्लू वाटर पार करने की लगाई शर्त, एक डूबा अब तक लापता, अंडरवाटर कैमरे की ली जाएगी मदद
कहा जा रहा है कि शर्त लगाने के बाद वो पानी में कूदा था. रितेश तंबोली की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 20, 2026 at 7:20 PM IST
रायपुर : नया रायपुर के माना थाना अंतर्गत ब्लू वाटर खदान में दोस्तों के साथ घूमने गया युवक डूब गया. बताया जा रहा है तीन दोस्त ब्लू वाटर एरिया में घूमने गए थे. इसी दौरान दो दोस्तों में ब्लू वाटर को तैरकर पार करने की शर्त लगी.शर्त लगाने के बाद दोनों दोस्त पानी में कूद गए.लेकिन जैसे ही दोनों बीच में पहुंचे वैसे ही एक दोस्त पानी में डूबने लगा.जबकि दूसरा दोस्त किसी तरह आधे रास्ते से ही वापस आ गया.तीसरा दोस्त दोनों के तैरने का वीडियो बना रहा था.
पानी में डूबे युवक का नहीं चला पता
इस घटना में मौदहापारा का रहने वाला 24 वर्षीय आदिल खान गहरे पानी में डूब गया. बुधवार को शाम होने की वजह से किसी तरह का सर्चिंग अभियान नहीं चला. गुरुवार की सुबह 6 बजे से एसडीआरएफ और होमगार्ड की 20 सदस्यीय टीम लगातार ब्लू वाटर खदान में सर्चिंग कर रही है. लेकिन अब तक लापता आदिल खान का कोई पता नहीं चल पाया है. वही होमगार्ड के अधिकारी का कहना है कि गुरुवार की शाम तक आदिल की डेड बॉडी बरामद नहीं होती है तो शुक्रवार को अंडरवाटर कैमरे की मदद से सर्च किया जाएगा.
बुधवार को शाम होने की वजह से ब्लू वाटर खदान में सर्चिंग नहीं हो पाया था. लेकिन गुरुवार की सुबह से होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्चिंग कर रही है. अब तक लापता हुए आदिल का कोई सुराग नहीं मिल पाया है- अभिषेक झा, एएसपी
अंडरवाटर कैमरे से होगा सर्च
रायपुर होमगार्ड के जिला सेनानी अधिकारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि घटना की सूचना बुधवार की शाम को मिली थी, लेकिन शाम होने की वजह से यहां पर सर्चिंग नहीं किया जा सका. गुरुवार की सुबह 6 बजे से सर्चिंग चालू कर दिया गया है.सूर्यास्त के बाद भी लापता आदिल की डेडबॉडी नहीं मिलती है, तो शुक्रवार को अंडरवाटर कैमरे की मदद से सर्च किया जाएगा.

अब तक ब्लू वाटर में डूबने से मौतें
अगस्त 2026
24 वर्षीय आदिल खान
अक्टूबर 2025
दो छात्र जयेश साहू और मृदुल बंजरिया की मौत
जून 2023
नदीम अंसारी, शाहबाज अंसारी, फैजल आलम की मौत
मई 2019
17 साल के मोहन बाघ की मौत
अगस्त 2017
17 वर्षीय सुनैना की मौत
नवा रायपुर निर्माण के बाद गड्ढों में भरा पानी
आपको बता दें कि नया रायपुर निर्माण के दौरान बड़ी-बड़ी सड़कें, गार्डन और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए गए हैं. इसके लिए आसपास के क्षेत्रों में भारी मात्रा में जमीन से मुरम और पत्थर खुदाई की गई थी. खुदाई के बाद हुए गड्ढों को खुला छोड़ दिया गया,जिनमें बारिश का पानी इकट्ठा हुआ और खदानों ने बड़े तालाब का रुप ले लिया.इन्ही पानी भरे खदानों की खूबसूरती को देखने लोग यहां पिकनिक मनाने आते हैं.लेकिन शांत पानी का खतरा नहीं भांप पाते.लिहाजा तैरने के दौरान अचानक गहरे पानी में डूब जाते हैं.
दुर्ग में ED का एक्शन, रियल एस्टेट कारोबारी सजल जैन और विश्वास गुप्ता के ठिकानों पर दबिश

