ब्रेकअप से बौखलाए देवर का भाभी पर जानलेवा हमला; थाने के पास पहुंचकर किया सुसाइड
एसपी सिटी, प्रीति सिंह प्राथमिक जांच में सामने आया कि भाभी पर जानलेवा हमला करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 12:53 PM IST
झांसी: भाभी से प्रेमिका बनी महिला से ब्रेकअप के बाद प्रेमी देवर ने भाभी पर जानलेवा हमला किया. इतना ही नहीं भाभी पर हमले के बाद उसने खुद भी सुसाइड कर लिया. शनिवार को हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं, गंभीर घायल महिला का इलाज चल रहा है. घटना झांसी जिले के प्रेम नगर थाना क्षेत्र की है.
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि नैनागढ़ निवासी माया देवी अपने पति राकेश साहू और 5 वर्षीय बेटी के साथ रहती हैं. शनिवार सुबह जब राकेश काम पर गया तभी आरोपी महेंद्र साहू चाकू लेकर घर पहुंच गया.
दरवाजा खुलते ही वह अंदर घुसा और कुंडी बंद करके माया पर ताबड़तोड़ वार करने लगा. मां को बचाने के लिए 5 साल की बेटी छत पर चढ़ गई और टीनशेड पर कूदकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी.
बेटी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था. पुलिस ने घायल महिला को तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
डेढ़ साल पहले साथ भागे थे देवर-भाभी: पीड़ित महिला के पति राकेश साहू ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले महेंद्र उनकी पत्नी को लेकर दिल्ली भाग गया था. बाद में रिश्तेदारों के समझाने पर माया वापस घर लौट आई. महेंद्र लगातार उसे अपने साथ रखने का दबाव बना रहा था. दो दिन पहले ही आरोपी ने राकेश को फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी.
थाने के पास किया सुसाइड: महिला पर हमले की बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान प्रेम नगर थाने से करीब 100 मीटर दूर एक गली में पेड़ पर शव लटके होने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा तो उसकी पहचान आरोपी महेंद्र के रूप में हुई.
एसपी सिटी, प्रीति सिंह प्राथमिक जांच में सामने आया कि भाभी पर जानलेवा हमला करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. महिला की हालत गंभीर है और मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है.

