हमीरपुर में होली खेलने के बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, आगरा नाली विवाद में 7 पर केस दर्ज
मृतक पक्ष का कहना है कि युवक को पहले कोई बीमारी नहीं थी. उसकी मौत की जांच हो और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 6:48 PM IST
हमीरपुर/आगरा: कानपुर नगर जिले के सजेती थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 18 साल के युवक की होली खेलने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बेहोशी की हालत में युवक को जिला अस्पताल हमीरपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में मृतक पक्ष और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और 3 लोगों को हिरासत में लिया है.
जिले के कलौरीतीर गांव निवासी फूल सिंह ने बताया कि उसकी बहन की शादी रामपुर गांव में हुई है. बहन के पति की पहले ही मौत हो चुकी है. उनका एकलौता पुत्र बालकरन यादव (18) वाहन कंडक्टर है.
परिजनों के अनुसार बुधवार को होली के दिन बालकरन गांव के दोस्तों के साथ होली खेलने गया था. दोपहर करीब 1 बजे उसे बेहोशी की हालत में घर छोड़ दिया गया. भांजियों से सूचना मिलने पर परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक पक्ष का कहना है कि युवक को पहले कोई बीमारी नहीं थी. उसकी मौत की जांच हो और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
बताया जाता रहा है कि कुछ देर बाद रामपुर गांव से बोलेरो वाहन में 8 से 10 लोग जिला अस्पताल पहुंचे. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर मारपीट हो गई, जिसमें मृतक पक्ष के 2 लोगों के सिर में चोट आई है, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराया.
सदर कोतवाली प्रभारी पवन पटेल ने बताया कि अस्पताल में विवाद और मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. सजेती थाना प्रभारी अनुज ने बताया कि घटना की सूचना जिला अस्पताल हमीरपुर से मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आगरा में नाली विवाद पर 1 की मौत: आगरा जिले के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी महासिंह में मंगलवार देर रात दो पड़ोसी नाली के विवाद में आपस में भिड़ गए. जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी. इसमें मृतक के पिता जगत सिंह और उसका भाई अंशुल गंभीर रूप से घायल है. बता दें, आरोपी पड़ोसियों ने सरिया, लोहे के पाइप और लाठियों से हमला किया था. एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन की तहरीर पर 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
दिनांक 03.03.2026 की रात्रि थाना एत्मादपुर क्षेत्रान्तर्गत दो पक्षों के मध्य हुई मारपीट की घटना में एक व्यक्ति (अमित) गंभीर रूप से घायल हो गए, सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल उपचार हेतु S.N. मेडीकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान आज दिनांक 04.03.2026 को उनकी मृत्यु हो… pic.twitter.com/ll5xVTwNGo
— POLICE COMMISSIONERATE AGRA (@agrapolice) March 4, 2026
मामला मंगलवार रात करीब 9 बजे का है. गांव गढ़ी महासिंह में जगत सिंह और रवि पक्ष का नाली के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था. घायल जगत सिंह ने बताया कि पड़ोसी रवि, प्रमोद, आनंद, राहुल और कमल सिंह सहित अन्य लोगों ने एकजुट होकर परिवार पर सरिया, लोहे के पाइप और लाठियों से हमला बोला. जिसमें जगत सिंह, और अमित व अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर एत्मादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय अमित की बुधवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई. जगत सिंह और अंकुश का उपचार चल रहा है. मृतक का शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है. पीड़ित परिवार की तहरीर पर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. इस मामले में अब तक 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. इसके साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: कानपुर में होली का हुड़दंग, तो आर्यनगर में कपड़ा फाड़ होली का अनोखा नजारा

