नोएडा में पार्टी के दौरान स्विमिंग पूल में मणिपुर के युवक की अचानक मौत, हार्ट अटैक की आशंका
पुलिस ने बताया कि युवक नोएडा स्थित कंपनी में काम करता था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा. पढ़ें पूरी खबर..

Published : July 6, 2026 at 8:41 PM IST
नई दिल्ली/नोएडा: नोएडा के सेक्टर-135 स्थित यमुना किनारे डूब क्षेत्र के एक स्विमिंग पूल में दोस्त की जन्मदिन पार्टी के दौरान 26 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद लोगों ने उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने पर डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है.
शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है. वहीं मृतक के परिजनों ने अभी तक किसी तरह की शिकायत पुलिस को नहीं दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पार्टी में मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है. एसीपी 3 राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मणिपुर के तमेंगलांग जिले के तमाह गांव निवासी लकी सनवऊ डामया के रूप में हुई है. 26 वर्षीय लकी वाजिदपुर गांव में किराये पर रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था. उसके परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली और मणिपुर में रहते हैं.
परिजनों को सौंपा गया शव
उन्होंने बताया कि सेक्टर-135 स्थित यमुना किनारे बने एक स्विमिंग पूल परिसर में लकी के दोस्त की जन्मदिन की पार्टी थी. केक काटने के बाद सभी लोग मौज-मस्ती कर रहे थे. कुछ देर बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह पूल के भीतर ही अचेत होकर गिर पड़ा. साथियों ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकाला और निजी वाहन से पास के अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी.
लोगों से पूछताछ शुरू
फिलहाल पुलिस पार्टी में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के समय की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके. वहीं मामले पर एडिसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना एक्सप्रेस-वे पर मेमो के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि लकी नामक युवक की मृत्यु होने की सूचना मिली है. सूचना पर पुलिस द्वारा मृतक के शव का पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है. अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें-

