ETV Bharat / state

संभल में स्ट्रीट लाइट के करंट से युवक की मौत, बिजली का पोल छूते ही तड़पते हुए जमीन पर गिरा

युवक साथियों के साथ मजदूरी करने जा रहा था. युवक की चार साल पहले शादी हुई थी.

परिवार में मचा कोहराम.
परिवार में मचा कोहराम. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 5, 2026 at 8:20 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

संभल : बहजोई कस्बा थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर स्ट्रीट लाइट के करंट से एक युवक की मौत हो गई. युवक लोहे की रेलिंग के बीच से गुजर रहा था इसी दौरान बिजली के खंभे को छू लिया. करंट लगने से युवक तड़पते हुए गिरा और मौत हो गई. मृतक की पहचान बहजोई निवासी गौरव कुमार (24) पुत्र राजन के रूप में हुई है.

गौरव शनिवार को अपने साथियों के साथ मजदूरी करने जा रहा था. इस्लाम नगर चौराहे के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने कटी हुई रेलिंग से निकल रहा था, तभी उसका हाथ स्ट्रीट लाइट के पोल से छू गया. पोल में करंट होने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़ा. साथियों ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी और आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

स्ट्रीट लाइट के करंट से युवक की मौत. (Video Credit; ETV Bharat)

मृतक के बड़े भाई रोहित ने बताया, वे चार भाई हैं और गौरव सबसे छोटा था. उसकी शादी चार वर्ष पहले हुई थी. काफी मन्नतों के बाद उसे एक पुत्र हुआ, जिसकी उम्र अभी मात्र आठ माह है. उन्होंने कहा, अब हमारा भाई तो चला गया, हम कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते. वहीं, मृतक की पत्नी करिश्मा का रो-रोकर बुरा हाल है.

बता दें, रेलिंग लगाने के दौरान पाइप जगह-जगह से कट गए थे. फेस का तार पोल से टच था. लेकिन समय रहते टेपिंग नहीं की गई. घटना के बाद तत्काल पोल का करंट ठीक कर दिया गया और उसकी टेपिंग भी कर दी गई.

बहजोई विद्युत विभाग के एसडीओ मनोज कुमार यादव ने बताया कि हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था नगर पालिका परिषद बहजोई के अधीन है. इन स्ट्रीट लाइटों का संचालन और रखरखाव (मेंटेनेंस) नगर पालिका परिषद द्वारा किया जाता है. इसका बिजली विभाग से कोई संबंध नहीं है.

थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि बिजली का करंट लगने से एक युवक की मौत की सूचना मिली थी. हालांकि, इस संबंध में परिजनों की ओर से कोई तहरीर या सूचना पुलिस को नहीं दी गई. साथ ही, परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार भी कर दिया है.

यह भी पढ़ें : हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे पर 20 फीट नीचे गिरी स्लीपर बस, 50 यात्री घायल, 12 की हालत गंभीर