पलामू में युवक की मौत, जंगली जीव के शिकार के लिए लगाए गए बिजली के तार के संपर्क में आने से हुआ हादसा
पलामू में बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. नीरज कुमार की रिपोर्ट.

Published : August 26, 2026 at 10:55 PM IST
पलामू: जिले में एक युवक की बिजली के तार के संपर्क में आने से मौत हो गई. मामला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के उपरली टांड़ गांव का है. दरअसल, कुछ ग्रामीणों ने जंगली जीव के शिकार के लिए बिजली का तार लगाया था. बिजली के तार के चपेट में आने से संदीप भुईयां नाम के युवक की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, संदीप सरईडीह के फटिया गांव का रहने वाला था. पुलिस ने संदीप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
शिकार के लिए लगाए गए तार में फंसने के बाद युवक की मौत
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. परिजन पूरे मामले में पुलिस को लिखित आवेदन देंगे और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएंगे. दरअसल, संदीप भुईयां अपने ससुराल गया था. ससुराल में वह अपने एक दोस्त के साथ जंगली जीव के शिकार के लिए जा रहा था, इसी क्रम में उपरली टांड़ में दूसरे ग्रामीणों ने जंगली जीव के शिकार के लिए बिजली का तार लगाया था. इसी तार की चपेट में संदीप और उसका दोस्त आ गया. जिससे संदीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
दोस्त द्वारा शोर मचाए जाने के बाद अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली के कनेक्शन को काटा. घटना की जानकारी मिलने के बाद नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
संदीप भी शिकार के लिए जा रहा था, इसी क्रम में दूसरे ग्रामीणों ने शिकार के लिए बिजली के तार को लगाया था. इसी तार की चपेट में आने से संदीप की मौत हुई है. पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है. परिजनों के आवेदन के आधार पर पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी: नीरज कुमार, थाना प्रभारी
ये भी पढ़ें- खूंटी-चाईबासा मार्ग पर दो बाइकों की सीधी टक्कर, एक युवक की मौके पर मौत
हाथियों के बीच सेल्फी का जुनून साबित हुआ जानलेवा, गजराज के हमले में युवक की मौत
पलामू में सड़क दुर्घटना में दो की मौत, बाइक और हाईवा की टक्कर में हुआ हादसा

