ETV Bharat / state

हाथी के हमले से युवक की मौत, हाथी दल के पीछे दौड़ते वक्त हुई घटना,जटगा वन परिक्षेत्र का मामला

कोरबा के कटघोरा वनमंडल के जटगा वनपरिक्षेत्र में हाथी के हमले में युवक की मौत हुई है.

Youth dies in elephant attack
हाथी के हमले से युवक की मौत (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : June 29, 2026 at 3:32 PM IST

|

Updated : June 29, 2026 at 6:30 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कोरबा : कटघोरा वनमंडल के जटगा वन परिक्षेत्र के गांव धवलपुर गांव में बीती रात एक युवक की हाथी के हमले में दर्दनाक मौत हो गई है. मृतक की पहचान संतोष कुमार गोंड़ के रूप में हुई है. ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार संतोष अपनी लापता भैंस की तलाश में जंगल गया था. जबकि वन विभाग का कहना है कि 15 हाथियों का दल इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है. ग्रामीण हाथियों के दल के पीछे दौड़ रहे थे. इसी दौरान एक हाथी ने पलटकर युवक पर हमला कर दिया.



देर रात की घटना युवक की मौत
यह घटना देर रात की है, जब कटघोरा वन मंडल के जटगा रेंज में हाथियों का एक दल विचरण कर रहा था. अक्सर ग्रामीण अपने मवेशियों को चरने के लिए जंगल में छोड़ देते हैं, जिन्हें वह ढूंढने जंगल की तरफ जाते है. मृतक संतोष के कुछ मवेशी घर नहीं लौटे थे. ग्रामीणों के अनुसार संतोष उन्हें ढूंढने के लिए जंगल की तरफ गया था. इस दौरान उसका सामना दंतैल हाथी से हो गया. इसके बाद हाथी ने उसे कुचलकर दर्दनाक तरीके से मौत के नींद सुला दिया.

हाथी के हमले से युवक की मौत (Etv Bharat)




वन विभाग की थ्योरी है अलग
युवक के मौत के मामले में वन विभाग की थ्योरी ग्रामीणों से कुछ अलग है. वन विभाग का कहना है कि मृतक युवक कुछ ग्रामीणों के साथ हाथियों के दल का पीछा कर रहा था. हाथी गांव की तरफ आते हैं, ग्रामीण जिसे भगाने का प्रयास कर रहे थे. इस दौरान मृतक भी 15 हाथियों के दल के पीछे दौड़ रहा था. इसी दौरान एक हाथी ने पलट कर उसपर हमला कर दिया. जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई है.



मृतक के परिजनों को तात्कालिक मुआवजा

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा, वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतक संतोष कुमार गोंड के परिजनों को सरकार की ओर से मिलने वाली 25 हजार की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है.वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर सभी वैधानिक कार्रवाई पूरी की है. लोगों को जंगल से दूर रहने की भी हिदायत दी है. हाथी मित्र दल व अन्य प्रोटोकॉल को भी पालन करने की हिदायत ग्रामीणों को दी गयी है.




हाथियों के दल का पीछा करते समय दुर्घटना
कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत ने ईटीवी भारत को बताया कि रविवार की देर रात को वन मंडल के जटगा वन परिक्षेत्र में हाथी के हमले से एक युवक की मौत हुई है. स्थानीय स्टाफ के माध्यम से हमारे संज्ञान में यह जानकारी आई है.

इस क्षेत्र में 15 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. ग्रामीण इसके पीछे दौड़ रहे थे और उन्हें भगाने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान दुर्घटना हुई है. तात्कालिक सहायता राशि के तौर पर 25 हजार पर परिजनों को प्रदान किए गए हैं. आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है- कुमार निशांत, डीएफओ



22 जून को महिला की जान लेने वाला लोनर लौटा सूरजपुर
कटघोरा वन मंडल में ही पिछले 22 जून की सुबह हाथी के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई थी. यह मौत एक लोनर हाथी के हमले के हुई. पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पतुरियाडांड की रहने वाली सुखमत बाई उम्र 70 साल सोमवार को सुबह साढ़े पांच बजे जंगल में डोरी बिनने गई थी. इसी दौरान क्षेत्र में घूमकर रहे एक लोनर हाथी से अचानक उसका आमना सामना हो गया था. लोनर हाथी ने हमला कर वृद्धा को कुचल दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी. एक हफ्ते पहले महिला को मौत के घाट उतारने वाला लोनर फिलहाल सूरजपुर वन मंडल में लौट गया है. वर्तमान में 15 हाथियों का एक दल जटगा रेंज में विचरण कर रहा है.

20 दिन पहले गुमशुदा युवती की कोरबा के जंगल में मिली लाश, पास से जहर की शीशी भी बरामद

कुकदूर में तेज रफ्तार कारों की भिड़ंत, एक की मौके पर मौत, महिला समेत पांच घायल

''हैलो... आपका पति हमारी कस्टडी में है'', मुंबई से सूरजपुर की महिला को आया फोन

Last Updated : June 29, 2026 at 6:30 PM IST