बरेली में अलग-अलग घटनाओं में डूबने से युवक की मौत, दो किशोर बचाए गए, एक लापता
बहेड़ी में नहर में डूबे युवक का शव रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने किया बरामद.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 2:02 PM IST
बरेली: यूपी के बरेली में पानी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि अप्सरा नदी में डूबे दो किशोरों को ग्रामीणों ने बचा लिया. वहीं, एक किशोर तेज धारा में बहकर लापता हो गया. बहेड़ी में नहर में डूबे युवक का शव रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया.
दो को ग्रामीणों ने बचाया: हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुन्नौर में शनिवार दोपहर सुभाष (16), रामवीर (10) और शिवांश (13) अप्सरा नदी में नहाने गए थे. नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आ गए. हादसा देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया.
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सुभाष और रामवीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रामवीर की हालत बिगड़ने पर उसे नवाबगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं शिवांश तेज बहाव में बहकर लापता हो गया. सूचना पर हाफिजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम बुलाकर शिवांश की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
बहेड़ी में नहर में डूबे युवक की मौत: दूसरी घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघौती में हुई. यहां शनिवार दोपहर संजीव (35) पुत्र प्यारेलाल नहर में नहाने गया था. नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने के बाद लापता हो गया. पुलिस और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन शनिवार को उसका पता नहीं चल सका.
रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सघन तलाशी अभियान चलाया. करीब नौ बजे टीम ने संजीव का शव नहर से बरामद कर लिया. शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया.
बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि युवक का शव नहर से बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

