Bhiwadi Crime : भिवाड़ी में गोतस्करों और गोरक्षकों के बीच मुठभेड़, युवक की मौत
पुलिस के अनुसार भिवाड़ी में मुठभेड़ का मामला सामने आया है. युवक की मौत होने के बाद वहां तनाव की स्थिति है.

Published : March 2, 2026 at 6:27 PM IST
भिवाड़ी : राजस्थान के भिवाड़ी शहर के चोपानकी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह गोतस्करों और गोरक्षकों के बीच हुई मुठभेड़ में एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
भिवाड़ी के डीएसपी कैलाश चौधरी ने बताया कि पुलिस को फोन पर सूचना मिली थी कि कुछ लोग गायों की तस्करी कर रहे हैं. गोरक्षक उनका पीछा कर रहे हैं. इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. बताया जा रहा है कि झड़प के दौरान दोनों ओर से पत्थरबाजी हुई. इस झड़प में हरियाणा के उटावड़ गांव के आमिर नामक युवक की मौत हो गई.
पढ़ें: डीग :गोतस्करों का अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, आठ आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मृतक के परिजन और ग्रामीण चोपानकी थाने पहुंच गए और विरोध-प्रदर्शन किया. परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक को गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हुई. मृतक के परिजनों ने बजरंग दल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला.
डीएसपी कैलाश चौधरी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. फिलहाल, पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस ने मौके से पांच गोवंश बरामद किए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला गोतस्करी से जुड़ा माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

