लक्सर में ट्रेन की चपेट में आकर युवक की गई जान, जरा सी लापरवाही पड़ी भारी
हरिद्वार-लक्सर रेलवे ट्रैक पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने मौत हो गई. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 25, 2026 at 7:44 PM IST
लक्सर: हरिद्वार-लक्सर रेलवे ट्रैक पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया. जिससे युवक की दर्दनाक मौत हो गई. फिलहाल, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर, युवक की मौत के बाद उसके घर पर मातम पसर गया है.
लक्सर-हरिद्वार रेलवे ट्रैक पर युवक की मौत: पुलिस के मुताबिक, बुधवार यानी 25 फरवरी को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि लक्सर-हरिद्वार रेलवे ट्रैक पर सीधडु रेलवे फाटक के पास रेलवे लाइन किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है. जिस पर लक्सर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई. वहीं, शव की पहचान सुमित (उम्र 23 वर्ष) निवासी सीधडु के रूप में हुई.
ऐसे हुआ हादसा: बताया जा रहा है कि सुमित हरिद्वार से ट्रेन से लक्सर आ रहा था. तभी रेलवे फाटक पर ट्रेन की गति धीमी होने पर उसने ट्रेन से उतरने का प्रयास किया. जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वो ट्रेन की चपेट में आ गया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. फिलहाल, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है.
कुछ दिन पहले भी एक युवक की गई थी जान: बता दें अभी कुछ दिन पहले भी ट्रेन की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हुई थी. जिसके तहत पुलिस को मुरादाबाद आरपीएफ कंट्रोल रूम से एक सूचना मिली थी. जिसमें बताया गया था कि सहारनपुर-मुरादाबाद रेलवे लाइन पर रायसी व बालावाली के बीच ट्रैक पर एक शख्स का शव पड़ा हुआ है.
ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी और मृतक की शिनाख्त की कार्रवाई में जुटी थी. इसी बीच जांच पड़ताल करने पर उसकी पहचान कोतवाली क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी सोनू कुमार (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई थी.
वहीं, जांच पड़ताल के बाद पता चला कि उसका अपनी पत्नी के साथ मामूली सी बात को लेकर विवाद हुआ था. जिससे गुस्से में आकर वो ट्रेन के आगे आ गया. उधर, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया था. शख्स की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ था.
ये भी पढे़ें-

