बिहार में हाइड्रोइलेक्ट्रिक नहर में मिला युवक का शव, परिजन बोले- घर से बुलाकर की गई हत्या
रोहतास से सनसनीखेज खबर सामने आयी है. दो दिनों से लापता युवक का संदिग्ध स्थिति में शव बरामद हुआ है. पढ़ें खबर

Published : July 6, 2026 at 7:49 PM IST
रोहतास : बिहार के रोहतास में आज हाइड्रोइलेक्ट्रिक नहर के पास फाटक में फंसा हुआ एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
रोहतास में युवक का शव मिला : मृतक की पहचान रुदरपुरा गांव के रहने वाले विकास कुमार (22 वर्ष, पिता- देवमुनी सिंह) के रुप में हुई है. मृतक के भाई जयप्रकाश ने अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज करने को लेकर स्थानीय थाना में आवेदन दिया है, जिसमें फोन करके घर से बुलाकर हत्या करने की बातें कही जा रही है.
शव को बाहर निकालते ही जुटी भीड़ : बताया जाता है कि हाइड्रोइलेक्ट्रिक नहर के फाटक में फंसा हुआ विकास कुमार का शव आज उतराता देखा गया. इसके बाद तत्काल डेहरी थानाध्यक्ष राहुल कुमार को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. हाइड्रोइलेक्ट्रिक के सफाईकर्मियों द्वारा नहर से शव को बाहर निकालते ही ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई.

''शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.''- राहुल कुमार, थानाध्यक्ष, डेहरी नगर
दो दिन से था लापता : मृतक विकास कुमार के परिजनों ने बताया कि शनिवार की देर शाम को फोन कर किसी ने बुलाया था, तब से आज तक लापता था और उसके साथ क्या हुआ कैसे हुआ इस बारे में हमलोगों को कोई जानकारी नहीं है. परिजनों ने बताया कि शव पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जिससे संदेह है कि विकास की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
ग्रामीणों में काफी आक्रोश : इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस घटनास्थल और मृतक के अंतिम समय की गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है. युवक का शव मिलने की घटना से रुद्रपुर गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. लोग मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें :-
बिहार में खून का बदला खून! सरोज पासवान हत्याकांड के आरोपी की गोली मारकर हत्या
बिहार में NH-319 के पास बरामद हुआ महिला का कटा शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया इलाका, युवक के सिर में तीन गोली मारकर हत्या

