यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के खिलाफ छत्तीसगढ़ में प्रदर्शन, बालोद में शर्टलेस हुए कार्यकर्ता, सरगुजा-मनेंद्रगढ़ में पुतला दहन
अलग-अलग शहरों में यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. इस दौरान दौरान कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 25, 2026 at 8:41 PM IST
बालोद/सरगुजा/मनेंद्रगढ़: छत्तीसगढ़ में बुधवार को अलग-अलग जगह यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया है. दिल्ली में हुए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु की गिरफ्तारी के विरोध में बालोद में भी शर्टलेस प्रदर्शन किया. कार्यकर्ता जयस्तंभ चौक पर नारेबाजी कर रहे थे, जहां पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई, लेकिन पुलिस सभी को हिरासत में लेने में सफल रही.
गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन
यूथ कांग्रेस का कहना है कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु को दिल्ली में हुए AI समिट के दौरान गिरफ्तार किया गया. संगठन का आरोप है कि उन्होंने सिर्फ सरकार के खिलाफ आवाज उठाई थी. युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज साजन पटेल ने कहा कि यह प्रदर्शन ‘एपस्टीन फाइल्स’ में प्रधानमंत्री और मंत्रियों के नाम आने के विरोध में किया गया.
संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जाता, देश में तानाशाही जैसा माहौल बनाया जा रहा है. उदय भानु दिल्ली में हुए AI समिट के दौरान प्रदर्शन में शामिल भी नहीं थे और भाजपा सरकार ने उन्हें जानबूझकर गिरफ्तार किया है.- साजन पटेल, अध्यक्ष यूथ कांग्रेस
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जिला उपाध्यक्ष अनिल सोनी ने कहा कि आज के हालात ऐसे हैं कि सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाती है. उन्होंने दावा किया कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदर्शन में शामिल नहीं थे, फिर भी उन्हें जानबूझकर गिरफ्तार किया गया. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मामले में स्पष्टीकरण की मांग की और उदय भानु की रिहाई की मांग दोहराई.

हम सभी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं और उनकी रिहाई की मांग कर रहे हैं. साथ ही एपस्टीन जैसे कई मामलों में सरकार से स्पष्टीकरण मांगते हैं.- अनिल सोनी, जिला उपाध्यक्ष यूथ कांग्रेस
पुलिस की कार्रवाई
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से बिना शर्ट के नारे लगाते हुए जयस्तंभ चौक पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए. सूचना मिलने पर बालोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को गिरफ्तार कर लिया. बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. इस प्रदर्शन में साजन पटेल, अनिल सोनी, अंचल साहू, सुमीत शर्मा, मोहनीश पारकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
मनेंद्रगढ़ में भी सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में मनेन्द्रगढ़ में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया.आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमा-झपटी भी हुई.

जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
राजीव गांधी चौक पर जिलाध्यक्ष यूथ कांग्रेस हफीज मेमन, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजुकमार केशरवानी समेत बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए. प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है. नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को कुचलना दुर्भाग्यपूर्ण है.
सरगुजा में बीजेपी और कांग्रेस का एक साथ प्रदर्शन
एक ही मामले में आज युवक कांग्रेस और महिला मोर्चा दोनों ने ही सडक पर प्रदर्शन किया. भाजपा महिला मोर्चा ने युवक कांग्रेस के AI समिट में किए प्रदर्शन का विरोध किया और राहुल गांधी का पुतला फूंका. वहीं यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में सरगुजा यूथ कांग्रेस ने पीएम मोदी का भी पुतला दहन किया. इस दौरान घड़ी चौक में पुलिस के साथ जमकर धक्का मुक्की हुई.

