NEET पेपर लीक पर गरमाई सियासत...चंडीगढ़ में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का यूथ कांग्रेस ने किया घेराव, की इस्तीफे की मांग
चंडीगढ़ में शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के दौरे के विरोध में यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. साथ ही इस्तीफे की मांग की.

Published : June 25, 2026 at 3:17 PM IST
|Updated : June 25, 2026 at 3:36 PM IST
चंडीगढ़: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के चंडीगढ़ दौरे के दौरान गुरुवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर उनके इस्तीफे की मांग उठाई. मौके पर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और स्थिति को नियंत्रित रखा.

पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका प्रदर्शन: प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. हालात को देखते हुए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वैन के जरिए मौके से हटाया, जिससे स्थिति सामान्य हो सकी.

"पेपर लीक से छात्रों का भविष्य खतरे में": यूथ कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि, "पिछले कुछ वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. शिक्षा व्यवस्था में छात्रों का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाना समय की जरूरत है."
"इस्तीफा नहीं, तो आंदोलन जारी रहेगा": वहीं, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि, "जब तक परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता नहीं लाई जाती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक हमारा विरोध जारी रहेगा." वहीं, पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया.

