ETV Bharat / state

यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोइजुद्दीन गुड्डू को फिर ग्राम पंचायत प्रशासक पद से हटाया, पंचायत राज विभाग ने जांच में माना दोषी

26 जनवरी 2025 को औचक निरीक्षण के बाद मंत्री मदन दिलावर ने जांच के निर्देश दिए थे.

यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोइजुद्दीन गुड्डू
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोइजुद्दीन गुड्डू (Social Media)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 2, 2026 at 10:05 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा : प्रदेश के शिक्षा व पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने यूथ कांग्रेस के कोटा शहर जिला अध्यक्ष और कैथून इलाके की बनियानी ग्राम पंचायत के प्रशासक मोइजुद्दीन गुड्डू पर कार्रवाई की है. दिलावर ने उन्हें एक बार फिर बनियानी ग्राम पंचायत के प्रशासक पद से पद मुक्त कर दिया है. उन्हें पंचायत राज विभाग की सफाई कार्यों से संबंधित प्रकरण की जांच रिपोर्ट में दोषी माना गया है. इसके बाद ही यह आदेश जारी किए गए हैं. मोइजुद्दीन गुड्डू पर एक साल पहले भी यही कार्रवाई की थी, लेकिन वो न्यायालय से स्टे लेकर इस पद पर बन गए थे. अब एक बार फिर कार्रवाई की गई है.

मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि लाडपुरा पंचायत समिति के बनियानी ग्राम पंचायत में साल 2021 से 2026 के सफाई कार्यों की जांच रिपोर्ट उन्हें मिली है. लाडपुरा पंचायत समिति के विकास अधिकारी ने अपनी ने जांच रिपोर्ट में बनियानी ग्राम पंचायत के निवर्त्तमान सरपंच और हाल प्रशासक मोइजुद्दीन दोषी माना है. इसके बाद जिला परिषद कोटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने भी उन्हें दोषी मानते हुए पद मुक्त करने की सिफारिश की थी. इसी क्रम में राज्य सरकार ने मोइजुद्दीन को ग्राम पंचायत बनियानी के प्रशासक पद से पद मुक्त किए जाने का विनिश्चय करते हुए पद मुक्त करने का आदेश जारी किया है.

पढे़ं. शिक्षा मंत्री का स्कूलों का औचक निरीक्षण: स्कूल से प्रिंसिपल गायब, 700 की आबादी में महज 32 छात्र

शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर 26 जनवरी 2025 को बनियानी ग्राम पंचायत के निरीक्षण पर गए थे, तब पंचायत ऑफिस में ताला लगा हुआ था. उन्होंने जब ग्राम पंचायत की चाबी मंगवाई, तब कई चीजें वहां से गायब थी. सफाई व्यवस्था की शिकायत भी ग्रामीणों ने की थी. इसके बाद ही मंत्री दिलावर ने जांच के निर्देश दिए थे. जयपुर से टीम कोटा आई थी और जांच करके गई थी. इसके बाद मोइनुद्दीन गुड्डू को हटा दिया था, लेकिन बाद में न्यायिक प्रक्रिया से वह वापस पद पर बन गए थे. इसके बाद दोबारा उन पर कार्रवाई की गई है.