ETV Bharat / state

सोनीपत में लूट के बाद हत्या, चार बदमाशों ने घर में घुसकर युवक को चाकुओं से गोदा, दहशत में लोग

सोनीपत के गांव मल्हा माजरा में लूट के दौरान चार बदमाशों ने साहिल नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी.

Sonipat Malha Majra murder case
चार बदमाशों ने घर में घुसकर युवक को चाकुओं से गोदा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : January 8, 2026 at 4:15 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सोनीपत: सोनीपत के गांव मल्हा माजरा में बुधवार देर रात चार बदमाशों ने एक मकान में घुसकर पहले लूट की वारदात को अंजाम दिया. इस दौरान बदमाशों ने मकान मालिक युवक साहिल की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

लूट के दौरान विरोध बना हत्या की वजह: मृतक के परिजनों की मानें तो चारों बदमाश देर रात लूट के इरादे से साहिल के घर में घुसे थे. बदमाशों ने सबसे पहले साहिल और उसकी मां को बंधक बनाया और घर में रखा सामान इकट्ठा करना शुरू कर दिया. जब साहिल और उसकी मां ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने साहिल की मां के साथ मारपीट की और उसे एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद बदमाशों ने साहिल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए.

इलाज के दौरान साहिल की मौत: घटना के बाद चारों बदमाश मौके से फरार हो गए.साहिल की मां ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर पड़ोसियों को सूचना दी. इसके बाद गंभीर रूप से घायल साहिल को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. साहिल की मौत की खबर मिलते ही गांव में दहशत फैल गई.

सोनीपत में लूट के बाद हत्या (ETV Bharat)

जांच में जुटी पुलिस: इधर, इस घटना की सूचना पाकर सोनीपत पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है. इस बारे में सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि, "कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गांव मल्हा माजरा निवासी साहिल को चाकू लगने से गंभीर चोटें आई हैं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है. साहिल की मां के बयान के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है."

इलाके में दहशत का माहौल: इस वारदात के बाद गांव मल्हा माजरा सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.

ये भी पढ़ें:फरीदाबाद में नेशनल लेवल की शूटर का यौन शोषण, नेशनल राइफल एसोसिएशन ने आरोपी कोच को किया सस्पेंड