चलती बाइक पर युवक को दो बार सॉ स्केल्ड वाइपर ने डसा, सीट के नीचे छुपा था सांप
युवक तत्काल इमरजेंसी में पहुंच गया था. ऐसे में उसका इलाज शुरू हो गया.

Published : March 10, 2026 at 1:38 PM IST
|Updated : March 10, 2026 at 2:03 PM IST
कोटा : कोटा में बाइक सवार एक लड़के को चलती बाइक पर सांप ने काट लिया. यह घटनाक्रम सोमवार रात को नयागांव रोड का पर हुआ है. पीड़ित को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में भर्ती किया गया है. स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि योगेश अपने साथी मोहित के साथ लाइट का काम करने के लिए नयागांव इलाके में जा रहा था. योगेश पीछे बैठा हुआ था और बाइक मोहित चला रहा था. योगेश के हाथ में लाइट और वायर थे. इस दौरान पहले से बाइक में बैठे स्नेक ने योगेश को काट लिया. सांप के काटने की बात पता चलते ही बाइक को छोड़ मोहित तत्काल योगेश को लेकर अस्पताल पहुंचा.
मोहित के पिता गोविंद ने बाइक में सांप होने की सूचना स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को दी. स्नेक कैचर गोविंद शर्मा नयागांव रोड पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि सांप सॉ स्केल्ड वाइपर था, जिसको रेस्क्यू किया गया और जंगल में छोड़ दिया गया. गोविंद शर्मा का कहना है कि सॉ स्केल्ड वाइपर 2 फिट लंबा था. यह बाइक की सीट के नीचे छुपकर बैठा हुआ था. सॉ स्केल्ड वाइपर व रसेल वाइपर दोनों का जहर एक जैसा ही होता है. दोनों काफी घातक जहरीले होते हैं. हालांकि रसेल वाइपर के दांत काफी बड़े होते हैं, इसलिए एक साथ बड़ी मात्रा में जहर छोड़ देता है. वहीं, सॉ स्केल्ड वाइपर के दांत थोड़े छोटे होते हैं, इसीलिए यह ज्यादा जहर नहीं छोड़ पाता है.
पढ़ें. अलवर: स्नेक कैचर ने देर रात सांप रेस्क्यू कर अपने घर पर रखा, सुबह उसी सांप ने डसा, अस्पताल में भर्ती
लगा किसी मच्छर ने काटा : योगेश को जब कमर पर सॉ स्केल्ड वाइपर ने काटा तो उसे लगा किसी मच्छर ने काटा है, लेकिन जब उसने हाथ लगाया तो उसकी उंगली पर भी काट लिया. तब उसने सांप को देखा और घबरा गया. इसके बाद सांप बाइक में ही छुप गया. गोविंद शर्मा का कहना है कि सॉ स्केल्ड वाइपर रसेल वाइपर की तरह ही जहरीला होता है. युवक तत्काल इमरजेंसी में पहुंच गया था. ऐसे में उसका इलाज शुरू हो गया.

