कोडरमा में बच्चा चोर की अफवाह में युवक की हुई जमकर पिटाई, पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से युवक को कराया मुक्त
कोडरमा में बच्चा चोर के आरोप में एक युवक की जमकर पिटाई की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Published : February 19, 2026 at 4:53 PM IST
कोडरमा: बच्चा चोर की अफवाह में एक युवक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी. मामला कोडरमा-गिरिडीह बॉर्डर के मरकच्चो प्रखंड की पपलो पंचायत के नावाडीह (बेको) गांव का है. जहां एक अनजान युवक गांव में घूमता नजर आया और ग्रामीणों की जब उसपर नजर पड़ी तो ग्रामीणों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की. जब युवक द्वारा कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया तो ग्रामीणों को उसपर शक हुआ और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर बताकर मारपीट शुरू कर दी.
हालांकि मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने युवक की पिटाई का विरोध भी किया, लेकिन भीड़ के आगे उनकी एक नहीं चली. घटना के वक्त कुछ स्थानीय युवकों ने वीडियो बनाकर उसे ‘बच्चा चोर’ बताते हुए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
पुलिस ने युवक को मुक्त कराया
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई. पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर मारपीट के निशान हैं. युवक को तत्काल अस्पताल ले जाकर उसका प्राथमिक उपचार कराया गया. थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत होता है. पूछताछ में वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा है.
कानून हाथ में नहीं लेने की अपील
मरकच्चो थाना प्रभारी नंद किशोर तिवारी ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में इन दिनों बच्चा चोर गिरोह की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं. इस कारण कई जगहों पर निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसे में पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें. स्वयं कानून हाथ में न लें. थाना प्रभारी ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय सतर्कता बरतें और प्रशासन को सहयोग करें.
ये भी पढ़ें-
रामगढ़ के पतरातू में बच्चा चोरी के अफवाह में गांव वालों ने महिला को पीटा, पुलिस ने बचाई जान
बच्चा चोर के शक में महिलाओं की पिटाई, पुलिस की चेतावनी- मारपीट करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
बच्चा चोर के शक में उत्तर प्रदेश से आईं महिलाओं की पिटाई, भीड़ से बचाकर पुलिस ले गयी थाना

