पुराने विवाद के चलते लाठियों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, कुछ माह पहले ही जेल से छूटा था
धीरज और हमलावर आपस में परिचित थे. प्रारंभिक तौर पर विवाद भी पुरानी रंजिश का ही है.

Published : February 23, 2026 at 11:09 AM IST
|Updated : February 23, 2026 at 11:31 AM IST
कोटा : शहर की गुमानपुरा थाना इलाके में रविवार देर रात को आपसी कहासुनी के बाद लाठियों से पीट-पीटकर युवक की हत्या कर दी गई. इसके बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. मृतक की पहचान धीरज सुमन उर्फ बिजली बादशाह के रूप में हुई है. उसके शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट कर दिया गया है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा शहर दिलीप सैनी का कहना है कि यह घटनाक्रम रविवार रात करीब 12 कोटड़ी भोई मोहल्ला में घटित हुई है. धीरज सुमन घटना स्थल के पास का ही निवासी है. हमला करने वाले लोग भी इस इलाके के निवासी हैं. दोनों के बीच में अचानक ही विवाद हो गया था, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने धीरज पर हमला कर दिया था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक धीरज को परिजन अस्पताल ले गए थे. जब पुलिस अस्पताल पहुंची तब तक धीरज की मौत हो गई थी. इस मामले में परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. साथ ही जांच पड़ताल भी शुरू कर दी गई है. धीरज कुछ माह पहले ही जेल से छूट कर आया था और हमलावर उसके परिचित थे. मामले में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा.
एएसपी सैनी के अनुसार फिलहाल सामने आ रहा है कि लाठियों से ही मारकर हमला किया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही खुलासा होगा किन-किन हथियारों से मारा गया है और कहां-कहां पर चोट लगी है. प्रारंभिक तौर पर विवाद भी पुरानी रंजिश का ही है. धीरज सुमन का अन्य लोगों से विवाद चल रहा था. पुलिस उप अधीक्षक द्वितीय योगेश शर्मा का कहना है कि घटनाक्रम देर रात को था, सूचना मिलने पर आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे. इसके साथ ही एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वायड भी सोमवार को मौके पर पहुंचे है. ये टीमें मौके पर साक्ष्य एकत्रित कर रही है. मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिसका अनुसंधान भी गुमानपुरा थाना अधिकारी महेश कारवाल को सौंप दिया है. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हमला करने वाले युवकों को चिन्हित कर उनकी तलाश भी शुरू की गई है.
मृतक के भाई लोकेश सुमन का कहना है कि धीरज फाइनेंस करवाने का काम करता था. शुक्रवार रात 20 फरवरी को एरिया से ही एक विवाह समारोह की निकासी निकल रही थी, तब रास्ता देने की बात को लेकर विवाद हो गया था. इसमें धीरज का कुछ लड़कों से कहासुनी हो गई थी. जिसके बाद दोनों पक्षों को बैठाकर समझाया भी था. इसमें मामला शांत भी हो गया था, लेकिन इसके बाद वापस रविवार रात को यह घटनाक्रम हो गया है.

